रोसड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली से 540 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो धंधेबाज पर केस
समस्तीपुर/रोसड़ा : रोसड़ा उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदी 540 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले शराब धंधेबाज मौके से फरार हो गए। मामले में दो नामजद धंधेबाज के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि ट्रैक्टर के माध्यम से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही उत्पाद थानाध्यक्ष पल्लवी कुमारी के नेतृत्व में टीम का गठन कर रोसड़ा-बेगूसराय मुख्य सड़क पर थतिया के समीप छापेमारी की गई। पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी ली, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की 60 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। कुल 540 लीटर शराब जब्त कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी उत्पाद थाना लाया गया।
इस मामले में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कापन गांव निवासी चंद्रदेव महतो के पुत्र संतोष कुमार एवं इसी थाना के बोरिया गांव निवासी महेश महतो के पुत्र मिथुन कुमार के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उत्पाद विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। पूरे तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। मद्य निषेध अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शराब धंधेबाजी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो :


