समस्तीपुर सदर अस्पताल में डे-केयर कीमोथेरेपी सेवा का शुभारंभ, अब जिले में ही मिलेगा कैंसर मरीजों को इलाज

समस्तीपुर : जिले के कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। बुधवार को सदर अस्पताल में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुजफ्फरपुर की टीम के सहयोग से डे-केयर कीमोथेरेपी सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन सदर अस्पताल के डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. गिरीश कुमार ने कहा कि डे-केयर कीमोथेरेपी सेवा शुरू होने से जिले के कैंसर मरीजों को इलाज के लिए अब बार-बार दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
पहले मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए मुजफ्फरपुर, पटना या अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों में जाना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ता था। अब यह सुविधा समस्तीपुर सदर अस्पताल में उपलब्ध होने से मरीजों को अपने जिले में ही बेहतर और सुलभ उपचार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य आम लोगों को उनके जिले में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। डे-केयर कीमोथेरेपी सेवा शुरू होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


इससे कैंसर मरीजों का समय बचेगा, इलाज में निरंतरता बनी रहेगी और आर्थिक परेशानी भी कम होगी। कार्यक्रम के दौरान होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुजफ्फरपुर की विशेषज्ञ टीम ने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को कैंसर मरीजों के उपचार, कीमोथेरेपी प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों तथा मरीजों की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।
समस्तीपुर सदर अस्पताल में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर मुजफ्फरपुर की टीम के द्वारा डे-केयर कीमोथेरेपी का शुभारंभ डीएस डॉ. गिरीश कुमार के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सदर अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मी के अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य समिति के सभी पदाधिकारी तथा सदर अस्पताल… pic.twitter.com/v9VmwDBO5w
— Samastipur Town (@samastipurtown) July 29, 2026
विशेषज्ञों ने बताया कि डे-केयर कीमोथेरेपी के तहत ऐसे मरीजों को इलाज दिया जाएगा जिन्हें अस्पताल में लंबे समय तक भर्ती रहने की आवश्यकता नहीं होती। उपचार के बाद चिकित्सकीय निगरानी में मरीज को उसी दिन घर भेजा जा सकेगा। इस अवसर पर सदर अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी, जिला स्वास्थ्य समिति के सभी संबंधित पदाधिकारी तथा होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल की टीम के सदस्य डॉ. साक्षी झा, डॉ. नंदिनी चौधरी, नर्स आशीष कुमार, सुमित चौधरी, पल्लवी कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





