होटल संचालक ह’त्याकांड की जांच के लिये समस्तीपुर मंडल कारा पहुंची बंगाल CID की टीम

समस्तीपुर : पश्चिम बंगाल सीआईडी की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम शनिवार को समस्तीपुर पहुंची और मंडल कारा में बंद दो कैदियों से पूछताछ की। पूछताछ वर्ष 2023 में आसनसोल में होटल संचालक अरविंद भगत की गोली मारकर हत्या के मामले में की गई। पुलिस को शक है कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र सोना लूट कांड में जेल में बंद ये दोनों आरोपी उस हत्याकांड में सुपारी किलर की भूमिका में शामिल हो सकते हैं।
सीआईडी अधिकारी चिन्मय हंस के नेतृत्व में टीम सबसे पहले नगर थाना पहुंची, जहां थानाध्यक्ष अजीत कुमार से मुलाकात कर मामले से संबंधित जानकारी साझा की गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम मंडल कारा पहुंची और दोनों कैदियों से अलग-अलग पूछताछ की। सीआईडी अधिकारियों के अनुसार, आसनसोल हत्याकांड की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से कुछ संदिग्धों के हुलिये सामने आए थे।

जांच में पाया गया कि समस्तीपुर मंडल कारा में बंद दोनों कैदियों का हुलिया संदिग्धों से काफी हद तक मेल खाता है। इसी आधार पर टीम सत्यापन और पूछताछ के लिए समस्तीपुर पहुंची थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों के हुलिये, गतिविधियों और घटना के समय उनकी मौजूदगी समेत कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई। सीआईडी टीम अब पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपेगी।

जानकारी के अनुसार, यदि जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो पश्चिम बंगाल सीआईडी उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ के लिए आसनसोल ले जा सकती है। हालांकि सीआईडी अधिकारियों ने फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से इनकार किया है। इधर नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल के आसनसोल में करीब साढ़े तीन वर्ष पहले हुए होटल संचालक हत्याकांड मामले में पूछताछ के लिये सीआईडी की टीम समस्तीपुर मंडल कारा पहुंची थी। नगर पुलिस के द्वारा बंगाल पुलिस को सहयोग किया गया।



