समस्तीपुर पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर, मुठभेड़ के दौरान पेशेवर अपराधी को पैर में मारी गोली, भागने के दौरान दूसरे साथी की टूटी पैर की हड्डी

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र एवं वैशाली जिले के सीमावर्ती बलिगांव के पास शुक्रवार को एसटीएफ और समस्तीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक कुख्यात बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान अमन कुमार तथा दूसरे घायल की पहचान लक्ष्मी कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों अपराधी लूट, हत्या सहित कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित बताए जा रहे हैं।

सूचना के अनुसार पुलिस को क्षेत्र में अपराधियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ और समस्तीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, जिसके दौरान मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा भागते समय गिरकर जख्मी हो गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में अमन कुमार को दायें पैर में गोली लगी है वहीं दूसरा बदमाश भागने के दौरान पैर फ्रैक्चर होने से पकड़ा गया। यह सभी किसी घटना को अंजाम देने के लिए जुटे थे। दोनों बदमाशों कई कांडों में वांछित थे।
यहां देखें वीडियों :


