भरत तिवारी एनकाउंटर के आरोपी SDPO को 7 दिन में नई पोस्टिंग; पटना में मद्य निषेध का DSP बनाया

बिहार में 12 IPS अफसरों को नई जिम्मेदारी मिली है। 53 DSP का भी ट्रांसफर हुआ है। भरत तिवारी एनकाउंटर में नामजद तत्कालीन जगदीशपुर SDPO राजेश कुमार शर्मा को लाइन हाजिर के बाद उन्हें पुलिस उपाधीक्षक मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो,पटना में ट्रांसफर किया गया है।
भरत की मां के बयान के आधार पर पुलिस ने SHO राजेश मालाकार, SDPO राजेश समेत कई पुलिस वालों पर हत्या का केस दर्ज किया था। परिवार लगातार दोषी पुलिस वालों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

इस फेरबदल को पुलिस प्रशासन में कार्यक्षमता बढ़ाने और विभिन्न इकाइयों में जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण के रूप में देखा जा रहा है। सरकार की ओर से संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई जगह योगदान देने का निर्देश भी जारी किया गया है।

53 पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर
बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने राज्य पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। राज्य के 53 पुलिस अधिकारियों और आशु उपाधीक्षकों के तबादले और नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही 4 जुलाई 2026 को जारी आदेश के तहत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है।

इस फेरबदल में पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, साइबर क्राइम, आर्थिक अपराध इकाई, अपराध अनुसंधान विभाग, विशेष शाखा, विशेष सुरक्षा दल, बिहार पुलिस अकादमी और जिला पुलिस इकाइयों में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं।

कई अधिकारियों को आर्थिक अपराध इकाई और साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई में स्थानांतरित किया गया। यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पटना, जहानाबाद, सीतामढ़ी, शेखपुरा, अररिया और समस्तीपुर में नई तैनाती की गई। अपराध अनुसंधान विभाग और विशेष सुरक्षा दल में भी अधिकारियों की नई पोस्टिंग की गई।

प्रमुख तबादले और नई पदस्थापन
– लालबाबू यादव को सिपाही प्रशिक्षण कार्यालय, नाथनगर से बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में पदस्थापित किया गया। – पारस नाथ साहू को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 2, सदर, खगड़िया से आर्थिक अपराध इकाई, बिहार पटना भेजा गया। – सुमित कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक, बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर से अपर पुलिस अधीक्षक, बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना पदस्तापित किया गया है। – डॉ. शंकर कुमार झा को पुलिस उपाधीक्षक (विशेष शाखा), पटना से विशेष अपराध, अपराध अनुसंधान विभाग में जिम्मेदारी मिली। – अभिषेक सिंह पोस्टिंग मिलने की इंतजार में थे, जिन्हें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-3 में पदस्थापित किया गया।
