कलेजे के टुकड़े को खोजती रही मां…, नदी किनारे कपड़ों से मिला सुराग तो समस्तीपुर पुलिस ने जमीन खोदकर निकाला शव

समस्तीपुर/हसनपुर : समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। बच्ची की मां ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने तथा साक्ष्य मिटाने के लिए शव को करेह नदी किनारे दफनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत बच्ची की पहचान दुधपुरा पंचायत के खराज गांव निवासी राहुल दास की पांच वर्षीय पुत्री रितिका कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची की मां पूजा देवी ने हसनपुर थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मां की शिकायत पर कब्र से निकाला गया शव
जानकारी के अनुसार सोमवार रात पूजा देवी अपनी बेटी की तलाश में करेह नदी के फुलहारा ढाला के समीप पहुंची। वहां बांध किनारे पड़े कुछ कपड़ों को देखकर उसने उन्हें अपनी बेटी रितिका के कपड़े के रूप में पहचान लिया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर हसनपुर और सिंघिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि घटनास्थल की सीमा को लेकर दोनों थानों के बीच कुछ देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही, जिससे तलाशी अभियान प्रभावित हुआ। बाद में सीमा विवाद सुलझने के बाद रात में खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।

मंगलवार सुबह मजिस्ट्रेट सह बीडीओ मनोज कुमार की मौजूदगी में दोनों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। घंटों की खोजबीन के बाद नदी किनारे मिट्टी में दफन बच्ची का शव बरामद किया गया। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
पूजा देवी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 को उनके पति राहुल दास, देवर विकास कुमार, सास रीता देवी, ससुर महेश दास, गोतनी रीता देवी तथा जेठानी गीता देवी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके फुलहारा में रहने लगीं। पूजा का कहना है कि वह लगातार अपनी तीनों बेटियों को मायके भेजने की मांग करती रहीं, लेकिन ससुराल वालों ने उनकी बात नहीं मानी।
उन्होंने बताया कि 19 जून की शाम ससुराल से फोन कर बताया गया कि रितिका की हालत गंभीर है और उसे किसी ने जहर खिला दिया है। अगले दिन सुबह जब वह ससुराल पहुंचीं तो बेटी का शव आंगन में पड़ा मिला। उनका आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें वहां से भगा दिया।

साक्ष्य छिपाने के लिए शव दफनाने का आरोप
पूजा देवी ने आशंका जताई है कि उनकी जेठानी गीता देवी समेत अन्य परिजनों ने साजिश के तहत रितिका को जहर देकर मार डाला और घटना के साक्ष्य मिटाने के लिए शव को करेह नदी किनारे दफना दिया। हसनपुर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुनील कांत ने बताया कि बच्ची की मौत की सूचना पुलिस को मिलने से पहले ही शव को दफना दिया गया था। काफी मशक्कत के बाद शव को कब्र से निकाला गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



