समस्तीपुर के जवान की पुलिस ट्रेनिंग के दौरान बिगड़ी तबीयत, ईलाज के दौरान मौ’त

समस्तीपुर/पटोरी : समस्तीपुर जिले के चांदपुर धमौन गांव निवासी बिहार पुलिस के प्रशिक्षु जवान श्रीराम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन जवान के पार्थिव शरीर के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, श्रीराम कुमार (22 वर्ष) पवित्र दास के पुत्र थे। करीब पांच माह पूर्व उनका चयन बिहार पुलिस में हुआ था। नियुक्ति के बाद उन्हें रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था।
बताया जाता है कि मंगलवार को प्रशिक्षण के दौरान तेज धूप में परेड एवं शारीरिक अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों और साथी जवानों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना एम्स रेफर कर दिया। पटना एम्स में इलाज के दौरान बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। जवान की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि श्रीराम बेहद मेहनती और मिलनसार स्वभाव के युवक थे। बिहार पुलिस में चयन होने के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सभी को गमगीन कर दिया है। इधर, प्रशिक्षण के दौरान जवान की तबीयत बिगड़ने और बाद में मौत होने की घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।




