शिक्षा में नवाचार और गुणवत्ता सुधार को नई दिशा देगा शिक्षकों का सक्रिय समूह

समस्तीपुर : जिले में शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार एवं विद्यालयों के समग्र विकास को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार को शिक्षा भवन स्थित डीईओ कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने की, जबकि संचालन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) जमालुद्दीन ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों से चयनित शिक्षकों को शामिल करते हुए एक सक्रिय शिक्षक समूह का गठन किया गया।
यह समूह शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने, गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार करने, विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग देने तथा विद्यालयों के सतत विकास हेतु सामूहिक प्रयास करेगा। बैठक के दौरान शिक्षकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उन्हें विभिन्न शैक्षणिक एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिनका क्रियान्वयन वे अपने-अपने विद्यालयों में करेंगे। साथ ही विद्यालयों की आधारभूत संरचना, शिक्षण व्यवस्था, नवाचार संबंधी गतिविधियों एवं विद्यालयों के समक्ष उपस्थित चुनौतियों के समाधान पर भी गंभीर चर्चा हुई।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन का आधार शिक्षक ही होते हैं। यदि शिक्षक नवाचार, नेतृत्व और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करें तो विद्यालयों में गुणात्मक बदलाव सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गठित शिक्षक समूह जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।

वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) जमालुद्दीन ने शिक्षकों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए व्यावहारिक विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह सक्रिय शिक्षक समूह शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम बनेगा और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में संभाग प्रभारी अर्जुन कुमार सहित शिक्षक सुभीत कुमार सिंह, मंगलेश कुमार, अनुज कुमार, डॉली मिश्रा, मोहम्मद सुल्तान, विनोद कुमार विमल, राकेश कुमार साफी, सदाफ नाज, गौतम बिहारी, राहुल, रिचा, प्रीति प्रियंका, शुभम, गुड़िया, पूजा एवं अंजली शर्मा समेत सभी चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने विचार रखे और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं गुणवत्ता सुधार के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।



