विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर समस्तीपुर रेल परिसर में तम्बाकू निषेध प्रदर्शनी आयोजित

समस्तीपुर : विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा समस्तीपुर रेल परिसर में एक दिवसीय तम्बाकू निषेध प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन कर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रीप्रकाश, सीनियर डीएमई दुर्गेश कुमार सिंह, कृष्ण भाई एवं सविता बहन ने संयुक्त रूप से किया।
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा समस्तीपुर रेल परिसर में एक दिवसीय तम्बाकू निषेध प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।#Samastipur @spjdivn @OMSHANTIRETREAT @Omshantiworld pic.twitter.com/LBKopapWy5
— Samastipur Town (@samastipurtown) May 31, 2026
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि तम्बाकू सेवन के कारण विश्वभर में प्रतिवर्ष लगभग 80 लाख लोगों की मृत्यु होती है, जबकि भारत में ही करीब 13.5 लाख लोगों की मौत तम्बाकूजनित कारणों से होती है। उन्होंने कहा कि तम्बाकू न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि यह व्यक्ति को नैतिक एवं चारित्रिक रूप से भी कमजोर बनाता है तथा पारिवारिक, सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय अवनति का कारण बनता है। उन्होंने रेल यात्रियों को जागरूक करने के लिए हर वर्ष रेलवे परिसर को प्रदर्शनी स्थल के रूप में चुनने पर ब्रह्माकुमारीज के मेडिकल विंग का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बीके तरुण ने कहा कि तम्बाकू में लगभग 70 प्रकार के ऐसे रसायन पाए जाते हैं जो कैंसर का कारण बनते हैं। उन्होंने बताया कि मुँह एवं फेफड़ों के 90 प्रतिशत कैंसर का संबंध किसी न किसी रूप में तम्बाकू सेवन से है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज द्वारा संचालित राजयोग प्रशिक्षण के माध्यम से लाखों लोग नशामुक्त जीवन जी रहे हैं तथा संस्था करोड़ों लोगों को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सविता बहन ने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को सशक्त बनाने की विधि बताई और उपस्थित लोगों को गहन शांति की अनुभूति कराई। वहीं ओम प्रकाश भाई ने सभी को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण भाई ने किया। प्रदर्शनी में आने वाले लोगों से नशा मुक्ति दान पेटी में प्रतीकात्मक रूप से नशे का दान लिया गया तथा उन्हें नशे से स्थायी मुक्ति के लिए तीन दिवसीय नि:शुल्क राजयोग प्रशिक्षण हेतु पंजीकरण कराया गया। कार्यक्रम में डीसीएम आर.के. सिन्हा, डीईएन (मुख्यालय) सुरेंद्र कुमार, डीओएम अरविंद कुमार, आर.के. झा सहित अनेक रेल पदाधिकारी, रेलकर्मी एवं यात्री उपस्थित रहे।




