बिहार में सुबह-सुबह मुठभेड़, इनामी बदमाश का हाफ एनकाउंटर, कुख्यात अपराधी के दोनों पैर में लगी गोली

बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बायपास के समीप पुलिस और अपराधियों के बीच अचानक मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुख्यात अपराधी आकाश कुमार के दोनों पैरों में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वो मौके पर ही गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधी पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। अब उसके क्राइम कुंडली को गोपालगंज पुलिस खंगाल रही है।
बंजारी बायपास पर आमने-सामने मुठभेड़
ये पूरी घटना गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंजारी बायपास के पास की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जवाबी मोर्चा संभाला, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलियां चलीं और अंततः अपराधी आकाश कुमार को दबोच लिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुठभेड़ में पकड़ा गया कुख्यात अपराधी आकाश कुमार मुख्य रूप से थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव का रहने वाला है। इलाके में उसका काफी खौफ था और वो लगातार अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन की तरफ से 50 हजार रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया गया था।

आकाश कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है और वह इलाके का वांटेड था। विभिन्न थानों में हत्या, लूटपाट, और रंगदारी (जबरन वसूली) समेत करीब 12 से अधिक संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से इस शातिर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा रही थी। इस सफल एनकाउंटर के बाद पुलिस अब उसके अन्य साथियों और गैंग के नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुट गई है।



