समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

रोजी-रोटी कमाने लुधियाना जा रहे समस्तीपुर के युवक की गोरखपुर में ट्रेन से गिर कर मौ’त

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : रोजी-रोटी कमाने के लिए पंजाब के लुधियाना जा रहे 24 वर्षीय युवक की गोरखपुर में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान हरिशंकरपुर पंचायत वार्ड-9 निवासी रंजन राय के रूप में हुई है। वह महेश यादव का पुत्र था। परिजनों के अनुसार रंजन कुछ दिन पहले ही लुधियाना से घर आया था। रविवार को वह दोबारा काम पर लौटने के लिए ट्रेन से रवाना हुआ था। इसी दौरान गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र स्थित पश्चिमी ढाला गढ़वा के पास ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में किसी मारपीट या बाहरी चोट के संकेत नहीं मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य गोरखपुर के लिए रवाना हो गए। गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि रंजन लुधियाना में बिजली मिस्त्री का काम करता था और उसी की कमाई से परिवार चलता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और पूरे घर की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। रंजन की शादी एक वर्ष पहले विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बेलसंडी डीह निवासी अविनाशा कुमारी से हुई थी। उसकी पत्नी आठ माह की गर्भवती है। परिवार पर दुखों का पहाड़ इसलिए भी टूट पड़ा है क्योंकि पांच साल पहले रंजन के पिता की भी छत से गिरने के कारण मौत हो गई थी। अब परिवार ने अपना कमाने वाला बेटा भी खो दिया।

ProductMarketingAdMaker 14102019 082310

20201015 075150