ताजपुर गांधी चौक पर दिनदहाड़े गैरेज संचालक की गोली मारकर ह’त्या, इलाके में सनसनी
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गांधी चौक की है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। मृतक की पहचान मोतीपुर गांव निवासी देवकी सहनी के 28 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो ताजपुर में गैरेज चलाता था।
जानकारी के अनुसार संजीव कुमार अपने गैरेज पर मौजूद था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने उस पर सामने से गोली चला दी। गोली लगते ही वह मौके पर अचेत होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही ताजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्य आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, जहां संजीव का शव पड़ा था। घटना के बाद अस्पताल और गैरेज के आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोग हत्या की घटना से आक्रोशित हैं। इधर सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
ताजपुर गांधी चौक पर दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर ह'त्या, मौके पर मचा हड़कंप#Samastipur #Tajpur pic.twitter.com/sQ8bLHH8Rb
— Samastipur Town (@samastipurtown) May 15, 2026

