विभूतिपुर में गंडक नदी में डूबने से बच्चे की मौत, नहाने के दौरान हादसा, राजस्थान में मजदूरी करते हैं पिता

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में गंडक नदी में डूबने से एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। यह घटना शनिवार की दोपहर हुई। मृतक की पहचान विभूतिपुर पुरब पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी छोटू राय के बेटे आकाश कुमार के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार, आकाश कुमार शनिवार की दोपहर अकेले ही गांव के शिवालय घाट स्थित गंडक नदी में नहाने गए थे। नहाते समय वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने उसे डूबते देखा और शोर मचाया। सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी।

आकाश कुमार अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता छोटू राय राजस्थान में मजदूरी का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृत बच्चे के परिजन हिमांशु कुमार ने बताया कि आकाश शांत स्वभाव का लड़का था। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

इस संबंध में विभूतिपुर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि गंडक नदी में डूबने से एक बच्चे की मौत होने की सूचना मिली हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया, जहां आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।



