समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

समस्तीपुर DM ने गेहूं फसल कटनी प्रयोग का किया निरीक्षण, 54 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज का अनुमान

समस्तीपुर : बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत जिले में रबी गेहूं फसल की स्थिति का आकलन करने के लिए कटनी प्रयोग किया गया। प्रखंड समस्तीपुर के पंचायत धुरलख स्थित मौजा धुरलख (थाना संख्या-186, खेसरा-1125) में आयोजित इस प्रयोग का निरीक्षण डीएम रोशन कुशवाहा ने किया। इस दौरान खेत में 10×5 मीटर के प्लॉट में वैज्ञानिक तरीके से फसल की कटनी कर उत्पादन का आकलन किया गया। कटे हुए गेहूं के दाने का कुल वजन 27.790 किलोग्राम दर्ज किया गया, जिसके आधार पर लगभग 54 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज का अनुमान लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला व प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी सुमित सौरभ, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी प्रवीण कुमार झा, बीडीओ शुभ प्रभात, प्रखंड कृषि पदाधिकारी कृष्ण मुरारी सिन्हा सहित अन्य कर्मी शामिल थे। साथ ही स्थानीय किसान भी इस प्रक्रिया के साक्षी बने। कटनी प्रयोग का उद्देश्य फसल की वास्तविक उत्पादकता का वैज्ञानिक आकलन करना है, ताकि किसानों को फसल सहायता योजना के तहत सही लाभ मिल सके। इस तरह के प्रयोग से सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि किसी क्षेत्र में फसल की स्थिति कैसी है और आपदा या नुकसान की स्थिति में कितना मुआवजा दिया जाना है।

ProductMarketingAdMaker 14102019 082310

20201015 075150