साबुनदानी में छिपाकर रखी थी हेरोइन, समस्तीपुर में नारकोटिक्स सेल का बड़ा एक्शन, महिला समेत दो तस्कर धराए
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के पटोरी रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को नारकोटिक्स सेल और मद्य निषेध एवं राज्य उत्पाद विभाग, पटना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़ किया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है.
पटोरी डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि शनिवार सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि एक संगठित गिरोह के सदस्य, जिनमें एक महिला भी शामिल है, हेरोइन की खेप लेकर पटोरी रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद महनार की ओर जाने वाले हैं. सूचना के आधार पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, पटोरी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
छापेमारी के दौरान स्टेशन परिसर के बाहर संदिग्ध स्थिति में घूम रहे एक युवक और एक महिला को पकड़ लिया गया. पूछताछ में युवक ने अपना नाम राहुल कुमार (26 वर्ष), निवासी लावापुर, थाना महनार, जिला वैशाली बताया. वहीं महिला ने अपनी पहचान शांति देवी, निवासी कामाख्या गेट, थाना फटासिल अंबारी, जिला कामरूप मेट्रो (असम) के रूप में दी.
तलाशी के दौरान दोनों के पास से चार साबुनदानों में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद की गई. मादक पदार्थ पॉलिथीन में पैक सफेद व नारंगी रंग के मिश्रित पाउडर के रूप में मिला, जिसे स्थानीय भाषा में कोटा कहा जाता है. बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है.
पुलिस ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर सभी सामान को कब्जे में ले लिया. इस संबंध में पटोरी थाना कांड संख्या 74/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह पूर्वोत्तर राज्यों से मादक पदार्थों की तस्करी करता है. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है.

