विद्यापतिनगर में पारा मेडिकल के छात्र निलेश झा ह’त्याकांड मामले में पुलिस ने चार संदिग्धों को पूछताछ के लिये उठाया
समस्तीपुर/विद्यापतिनगर : समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत में शनिवार की शाम पारा मेडिकल के छात्र निलेश कुमार झा की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस मामले को लेकर पुलिस फिलहाल कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। जानकारी के अनुसार विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी पप्पू झा के पुत्र निलेश कुमार झा की हत्या के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात तक लगातार छापेमारी की।

दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल की जांच की और वहां से एक खोखा भी बरामद किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी रात में ही मौके पर पहुंची और क्राइम सीन का निरीक्षण करते हुए आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 6 निवासी सुशांत कुमार, राजू चौधरी, सुबोध साह और अंकित कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इधर घटना से आक्रोशित लोगों ने रविवार तड़के मऊ लंगड़ा ढाला के पास एनएच 122 बी को जाम कर दिया और मऊ बाजार को बंद करा दिया। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अज्ञात बदमाशों ने युवक की गोली मारकर की ह'त्या, परिजनों में मचा कोहराम, समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत का मामला, मृतक की पहचान वार्ड संख्या-5 निवासी पप्पू झा के पुत्र निलेश कुमार झा के रूप में की गई…#Samastipur #news pic.twitter.com/GbvUJ1X123
— Samastipur Town (@samastipurtown) March 14, 2026

