समस्तीपुर शहर के दुधपुरा में चोरी, पिता के श्राद्ध में गया था परिवार, होली की रात चोरों ने उड़ाए 17.5 लाख के आभूषण

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बंद घरों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है। ताजा मामला थाना क्षेत्र के दुधपुरा का है जहां अपने पिता के निधन के बाद घर बंद कर गांव में अपने पिता के को मुखाग्नि देने व श्राद्धकर्म में शामिल होने अपने गांव पूसा थाना क्षेत्र के बथुआ गये शख्स के घर से अज्ञात चोरों ने भारी मात्रा में आभूषण व नगद की चोरी कर ली। चोरी की गयी आभूषणों की कीमत करीब साढ़े 17 लाख रुपये आंकी गयी है। इसमें 15 भर सोना व एक किलो चांदी शामिल है। इसको लेकर पीड़ित रामपुर दुधपुरा के स्व. जगन्नाथ सिंह के पुत्र जितेंद्र कुमार ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
पीड़ित ने बताया कि पिता के निधन की सूचना पर वह घर बंद कर आनन-फानन में पूसा थाना क्षेत्र के बथुआ निकल गये। इस बीच होली की रात अज्ञात चोरों ने मौका देख घर से आभूषण व नगद की चोरी कर ली। सुबह पड़ोसी के द्वारा दरवाजा टूटा होने की जानकारी मिलने पर पहुंचे तो डायल-112 को सूचना दिया। सूचना पर डायल-112 ल मुफस्सिल थाने की पुलिस ने पहुंचकर मामले की छानबीन की।
पीड़ित ने बताया कि चोरों ने घर में रखे गोदरेज को तोड़कर सोने का चार पीस कंगन, सोने का 6 पीस अंगुठी, सोने का एक पीस सिक्का, सोने का चार पीस झुमका, सोने का 1-1 पीस जितिया एवं ढोलना, सोने का एक पीश मंगटीका, चांदी का 7 सेट पायल, बच्चा का 10 सेट बाला और करीब 15 हजार नगद की चोरी कर ली। वहीं नीचे के फ्लैट में रह रहे किरायेदार मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के हरिलोचनपुर के मनोज कुमार के भी गोदरेज एंव बक्सा का ताला तोड़कर सामान को बर्बाद कर दिया गया। किराएदार अभी तक नहीं पहुंच पाए थे, इस कारण उनके चोरी हुए सामान व आभूषण का आकलन नहीं किया जा सका है। इसके अलावे जितेंद्र कुमार के घर से अन्य महंगे सामानों की भी चोरी हुई है।


इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि चोरी से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर छापेमारी कर रही है। बार-बार पुलिस लोगों से अपील करती है की अगर वह घर बंद कर बाहर जाएं तो थाने को जरूर सुचित करें, ताकि उस क्षेत्र में विशेष गश्ती होती रहे। बता दें की बीते कुछ दिनों से मुफस्सिल व नगर थाना क्षेत्र में बंद घरों से चोरी की वारदातों में लगातार इजाफा हो रहा है। पुलिस के द्वारा अब तक करीब अधिकतर मामले में खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल, सेंधमारी का सिलसिला जारी :
नगर व मुफस्सिल थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातों में इजाफा हो रहा है। करीब-करीब सभी मामलों में पुलिस के हाथ अब ढक खाली है। जिला पुलिस द्वारा रात्रि गश्ती का दावा तो किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि गश्ती दल मुख्य सड़कों तक सीमित रहते हैं, जबकि अंदरूनी मोहल्लों और गलियों में निगरानी की कमी है। इसी का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। जिला मुख्यालय के अलावे कल्याणपुर, पूसा, रोसड़ा, दलसिंहसराय समेत अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदात बढ़ी है।

हाल के कुछ मामले :
केस-1 : 4 मार्च को नगर थाना क्षेत्र के डीआरएम चौक के पास किराये के मकान में रह रहे ट्रैफिक थाने में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक प्रभाकर सिंह के बंद घर से चोरों ने ताला तोड़कर आभूषण व नगद की चोरी कर ली थी।
केस-2 : 25 फरवरी को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के आजाद नगर मुहल्ले में दवा दुकानदार रमेश कुमार राय के बंद घर से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण व नगद की चोरी हुई थी।
केस-3 : 24 फरवरी को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अटेरन चौक के पास रिटायर्ड कर्नल राजीव रंजन के बंद घर से बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
केस-4 : 22 फरवरी को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बीएड कॉलेज के पास एक बंद घर से चोरी व सामान क्षतिग्रस्त कर दिया था।
केस-5 : 4 फरवरी को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के इंद्रनगर मुहल्ले में सिविल कोर्ट के एक सेवानिवृत्त कर्मी बालचंद सिंह के बंद घर से चोरों ने करीब 10 लाख रुपये के आभूषण की चोरी कर ली थी।
केस-6 : 3 फरवरी को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के धरमपुर वार्ड संख्या-5 में भी बंद घर से चोरों ने करीब 4 लाख रुपये के आभूषण कपड़े व नगद की चोरी कर ली थी।
केस-7 : 25 दिसंबर को नगर थाना क्षेत्र के बारह पत्थर मोहल्ला से बंद घर से 20 लाख के आभूषण और नकद की चोरी हुई थी, पीड़ित अरूण कुमार शर्मा इलाज के लिए बाहर गये हुए थे।
केस-8 : 21 जनवरी को पंजाबी कॉलोनी में बंद घर से 3–4 लाख रुपये की चोरी और भारी तोड़फोड़, चोरों ने घर का सारा सामान तहस-नहस कर दिया था। इसको लेकर पीड़ित राकेश कुमार ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी।

बयान :
हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई है। संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। घर बंदकर बाहर जाने वाले लोग भी सतर्क रहे और बाहर जाने से पहले पुलिस को सूचना जरूर दें।
संजय कुमार पांडेय, सदर एसडीपीओ-1, समस्तीपुर





