15वें जिला IMA सम्मेलन ‘डायमेकॉन-2026′ में जुटे देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सक
समस्तीपुर : आईएमए के तत्वावधान में रविवार को हरपुर एलौथ स्थित एक निजी सभागार में 15वां डिस्ट्रिक्ट आईएमए कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन किया गया। एक दिवसीय इस सम्मेलन में चिकित्सा जगत की नवीनतम तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की गयी। इस वर्ष का डायमेकॉन-2026 मुख्य रूप से आंतरिक रोग, शल्य चिकित्सा, अस्थि रोग, एनेस्थिसिया, जीआई सर्जरी, ईएनटी, स्त्री रोग एवं रेडियोलॉजी से संबंधित नवीनतम चिकित्सीय प्रगति पर केंद्रित रहा। सम्मेलन का उद्देश्य जिले के चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और नई तकनीकों से अवगत कराना रहा, ताकि मरीजों को बेहतर और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
सम्मेलन का उद्घाटन आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह द्वारा किया गया, जबकि वैज्ञानिक सत्र (साइंटिफिक प्रोग्राम) का उद्घाटन पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात चिकित्सक डॉ. विजय प्रकाश ने किया। इस सम्मेलन में समस्तीपुर जिले के चिकित्सकों के साथ-साथ पटना से करीब 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस दौरान विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपने-अपने अनुभव साझा किया और जटिल मामलों के उपचार से जुड़ी नई जानकारियां प्रस्तुत की। आईएमए समस्तीपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ. जी.सी. कर्ण ने बताया कि यह डिस्ट्रिक्ट आईएमए कॉन्फ्रेंस अब तक के सम्मेलनों से अलग और उच्च स्तर का रहा। इसमें अनुभवी एवं प्रख्यात चिकित्सकों के व्याख्यान से नया मानदंड स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से समस्तीपुर के चिकित्सकों को चिकित्सा क्षेत्र की नई पद्धतियों और तकनीकों की जानकारी मिली, जिसका सीधा लाभ मरीजों को प्राप्त होगा।

