होली मिशन हाई स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मना होली मिलन समारोह
समस्तीपुर : जिले के मोहनपुर स्थित होली मिशन हाई स्कूल में रविवार को रंगों का पर्व होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ ‘होली मिलन समारोह’ के रूप में मनाया गया। रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय की सभी शाखाओं मोहनपुर, सतमतलपुर, काशीपुर एवं दलसिंहसराय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेत्तर कर्मियों एवं शहर के प्रतिष्ठित गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्रबंध निदेशक डॉ. धर्मांश रंजन (अंकुर) के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने सभी आगंतुकों का अभिनंदन करते हुए होली के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद विभिन्न शाखाओं के संगीत शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत सुमधुर होली गीतों ने माहौल को पूरी तरह रंगमय बना दिया। पारंपरिक फगुआ और लोकधुनों पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को झूमने पर विवश कर दिया।

समारोह के दौरान विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने संस्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और समर्पण को दोहराते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। पूरा परिसर अबीर-गुलाल के रंगों से सराबोर रहा। अतिथियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के मिष्ठान एवं पारंपरिक पकवानों का भी आनंद लिया गया।
होली मिशन हाई स्कूल में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न#Samastipur #HolyMissionHighSchool pic.twitter.com/BSjx55mRt0
— Samastipur Town (@samastipurtown) March 1, 2026
समारोह में डॉ. धर्मांश रंजन ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समस्त क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सह-संस्थापिका श्रीमती विभा देवी ने सभी को रंग का टीका लगाकर मंगलकामनाएं दीं। वहीं विद्यालय के प्राचार्य श्री अमृत रंजन एवं दलसिंहसराय शाखा के सह-निदेशक श्री आकर्ष रंजन ने होली मिशन परिवार की ओर से उपस्थित सभी अतिथियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। रंग, उमंग और भाईचारे के संदेश के साथ संपन्न यह होली मिलन समारोह विद्यालय परिवार के लिए यादगार बन गया।

