शहीद थानाध्यक्ष नंदकिशोर यादव हत्याकांड मामले में समस्तीपुर पुलिस ने टाॅप-10 अपराधियों की सूची में शामिल ब्रह्म यादव को किया गिरफ्तार
समस्तीपुर/उजियारपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परोरिया पंचायत के शहबाजपुर गांव के पास हुए चर्चित थानाध्यक्ष नंदकिशोर यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में संलिप्त टॉप–10 अपराधियों की सूची में शामिल अभियुक्त ब्रह्म यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी नालंदा जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र स्थित भवानी विगहा गांव का निवासी है और राम बहल यादव का पुत्र बताया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस की टीम ने एसटीएफ के साथ छापेमारी कर ब्रह्म यादव को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गौरतलब है कि 15 अगस्त 2023 की तड़के करीब तीन बजे शहबाजपुर गांव के समीप पशु तस्करों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान मोहनपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष नंदकिशोर यादव को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल दारोगा को इलाज के लिए पटना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद उजियारपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

