वीर बाल दिवस पर विद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन, बच्चों ने जाना शौर्य और बलिदान का इतिहास
समस्तीपुर/पूसा : उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदपुर कोआरी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोआरी हिन्दी में गुरुवार को वीर बाल दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक द्वय सुजीत कुमार झा एवं मो. सोहैल ने संयुक्त रूप से की। समारोह की शुरुआत गुरु गोविन्द सिंह के वीर पुत्रों जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा संगीत शिक्षक गणेश कुमार द्वारा वीर गाथा गायन से हुई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पूसा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पूनम कुमारी ने कहा कि गुरु गोविन्द सिंह जी के वीर बालकों ने अल्पायु में ही धर्म, देश और स्वाधीनता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका अद्भुत शौर्य, साहस और राष्ट्रहित में किया गया बलिदान हर भारतवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।
शिक्षक कुमार लोकाशीष ने विद्यार्थियों से वीर बालकों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। वहीं वरीय शिक्षक पवन शंकर भारद्वाज ने गुरु गोविन्द सिंह के वीर पुत्रों के बलिदान की मार्मिक कथा सुनाई। सहायक शिक्षक सह समन्वयक अबू ओमारा नदीम ने कहा कि वीर बालकों की कुर्बानी हमें सिद्धांतों और मूल्यों पर अडिग रहने की सीख देती है।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में धीरज कुमार प्रथम, आफिया अकरम द्वितीय, सादिया नाज तृतीय एवं फारिया फातमा चतुर्थ स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में आफिया अकरम ने प्रथम, खुशनुमा प्रवीण ने द्वितीय एवं जीनत परवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक विजय शंकर, अशर्फी दास, मो. नाजीर, सईद आलम, माधुरी कुमारी, चंद्रकला कुमारी, गुलशन प्रवीण, कुमार चंद्रजीत, आफताब आलम, मुकेश कुमार, वसी अहमद, बैजू कुमार, अमित कुमार, नितेश कुमार, कविनंदन, पाठक सर सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित थे।

