सिंघिया में हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आने से सीमेंट लदा ट्रक जलकर खाक, एक की जलकर मौ’त व दूसरा गंभीर रूप से घायल
समस्तीपुर : बड़ी खबर समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र से आ रही है जहां भरहर चौक के पास शुक्रवार की शाम एक भीषण हादसा हो गया। बताया जाता है कि 1 लाख 32 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन तार के संपर्क में आने से सीमेंट से लदे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना इतनी तेज थी कि ट्रक देखते ही देखते धू-धूकर जल उठा। इस हादसे में ट्रक चालक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख निवासी कृष्णदेव राय के पुत्र पप्पू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथ में मौजूद खलासी बुरी तरह झुलस गया, जिसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
सिंघिया थाना के अनुसार, हाई-वोल्टेज लाइन के संपर्क में आने से ट्रक में आग लगी। हादसा इतना अचानक हुआ कि जब तक आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचते, ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। ट्रक पर और लोगों के सवार होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। आग पर काबू पाने और आगे की जांच में पुलिस जुट गई है।

