संजीव हत्याकांड का समस्तीपुर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर किया खुलासा, तीन आरोपी न्यायिक हिरासत में…

समस्तीपुर/सरायरंजन : चर्चित संजीव हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि नशे के ओवरडोज से संजीव की मौत हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने शव को साक्ष्य छुपाने की नीयत से सरैया पुल के पास झाड़ियों में फेंक दिया था।
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाउपुर निवासी प्रकाश कुमार झा, राहुल कुमार झा और घटहो थाना क्षेत्र के मूसापुर निवासी रौशन कुमार साह के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, घटना की रात तीनों आरोपियों ने संजीव के साथ नशीले पदार्थों का सेवन किया था। ओवरडोज के कारण संजीव की मौत होने पर तीनों ने उसे सरैया पुल के समीप झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि मौत का कारण उजागर न हो सके।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी चोरी-छिपे नशीली पदार्थों का व्यापार करते थे और इसी बहाने कई युवाओं को नशे का आदी बना चुके थे। संजीव भी इनके संपर्क में आने के बाद नशे का सेवन करने लगा था। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके आधार पर उनकी गिरफ्तारी हुई। जानकारी के अनुसार, प्रकाश सरैया चौक पर गैराज चलाता है, राहुल चालक का काम करता है, जबकि रौशन सरायरंजन बाजार में सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) का संचालन करता है। पुलिस अब इस नेटवर्क में संलिप्त अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

क्या थी घटना :
30 अगस्त की शाम संजीव अपने घर से सरायरंजन बाजार पैदल निकला था। रास्ते में वह अपनी मौसी के घर पहुंचा और वहां से बाइक लेकर सरैया चौक की ओर रवाना हुआ। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी खोजबीन में जुटे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन यानी 31 अगस्त की सुबह सरैया पुल के पास झाड़ियों से संजीव का शव बरामद हुआ। घटना को लेकर मृतक के पिता राजन प्रसाद सिंह उर्फ राजू सिंह ने थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में वैज्ञानिक अनुसंधान, कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
घटना के दिन सदर SDPO-1 का बयान :
सरायरंजन में RJD नेता के बेटे का शव मिलने के मामले में क्या बोले सदर-1 SDPO; देखिये बयान#samastipur #news #sarairanjan pic.twitter.com/nZ2QBifwAO
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 31, 2025






