समस्तीपुर सदर अस्पताल में इंज्यूरी रिपोर्ट से छेड़छाड़ का आरोप, सिविल सर्जन नें जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का किया गठन
समस्तीपुर : समस्तीपुर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तैयार की गई एक इंज्यूरी रिपोर्ट में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इसको लेकर पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि रिपोर्ट में जान-बूझकर हेराफेरी की गई, जिससे आरोपियों को न्यायिक राहत मिल गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों का स्पष्ट उल्लेख था, लेकिन बाद में जारी रिपोर्ट में उन्हें साधारण चोटें दर्शाया गया।
इस गड़बड़ी के चलते न्याय की प्रक्रिया प्रभावित हुई और अब आरोपियों द्वारा पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन ने जांच के लिए तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया है। इस संबंध में सदर अस्पताल के डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने बताया कि आरोपों को गंभीरता से लिया गया है और जांच हेतु बोर्ड का गठन किया गया है। मेडिकल बोर्ड सोमवार को बैठक कर पुनः जांच करेगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

