ऑपरेशन सिंदूर रोकिए.. अब हम कुछ नहीं करने वाले, खौफ में गिड़गिड़ा रहे PAK के रक्षा मंत्री

पहलगाम अटैक का बदला लेने के लिए भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान बुरी तरह बैकफुट पर आ गया है. इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बयान में कहा है कि भारत ऑपरेशन सिंदूर को रोक देता है तो हम कोई कार्रवाई नहीं करेंगे. भारत की स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की सरकार और सेना में हड़कंप मचा हुआ है. पाकिस्तानी मीडिया में दबी जुबान में स्वीकार किया जा रहा है कि यह हमला बहुत सटीक और भयावह था. पूरे पाकिस्तान में स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और आतंकी संगठनों में खलबली मच गई है.
असल में भारतीय सेना ने यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को हुए पहलगाम अटैक का जवाब देने के लिए अंजाम दिया. इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी. जिनमें आम नागरिक और पर्यटक शामिल थे. इनमें जम्मू कश्मीर के एक स्थानीय युवक सैयद आदिल हुसैन शाह भी थे जिन्होंने पर्यटकों को बचाते हुए जान गंवाई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निगरानी में चला यह ऑपरेशन देश के लिए न्याय और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि का प्रतीक बन गया.

कुल 9 आतंकी ठिकानों को टारगेट
ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर PoK में मौजूद कुल 9 आतंकी ठिकानों को टारगेट किया. इन स्ट्राइक्स में बहावलपुर, मुरिदके, सियालकोट, कोटली और मुज़फ्फराबाद जैसे ठिकाने शामिल रहे. भारत ने कुल 24 मिसाइलें दागीं और खास प्रेसिजन म्यूनिशन का इस्तेमाल किया. जैश ए मोहम्मद और लश्कर ए तैयबा के कई बड़े कमांडर मारे गए और बहावलपुर में अकेले करीब 30 आतंकियों के मारे जाने की खबर है.

क्या पाक करेगा पलटवार.. एक्सपर्ट्स क्या बोले
यह संयुक्त ऑपरेशन सेना, वायुसेना और नौसेना के सहयोग से चलाया गया. रक्षा विशेषज्ञ ब्रिगेडियर सेवानिवृत्त गोविंद सिसोदिया का मानना है कि पाकिस्तान की ओर से कोई बड़ा पलटवार फिलहाल मुमकिन नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई करता भी है तो वह सिर्फ प्रतीकात्मक होगी ताकि वहां की जनता को दिखाया जा सके कि उन्होंने कुछ किया. उन्होंने यह भी जोड़ा कि पाकिस्तान की मौजूदा सैन्य, कूटनीतिक और आर्थिक स्थिति भारत से लड़ने लायक नहीं है.




