बिहार: थाने की गश्ती जीप ही रात में चुरा ले गया कोई सिरफिरा, फिर गड्ढे में लुढ़काकर भाग गया
बिहार के दरभंगा जिले से चौंकाने वाला सामने आया है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल, कोई सिरफिरा रात को पुलिस की गश्ती जीप ही चुरा ले गया। इसके बाद उसने गाड़ी गड्ढे में लुढ़का दी और फिर भाग गया। सुबह लोगों ने जब पुलिस की गाड़ी लावारिस हालत में देखी तो तरह-तरह की चर्चा करने लगे। लोगों का कहना है कि कोई असामाजिक तत्व शराब के नशे में पुलिस की गाड़ी लेकर भाग रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर गाड़ी खेत में चली गई।

यह मामला दरभंगा जिले के बिरौल का है। यहां हाई स्कूल के पास गुरुवार सुबह पुलिस का गश्ती वाहन खेत में लावारिस हालत में पड़ा मिला। इसकी खबर आग की तरह फैल गई और लोगों की भीड़ खेत में जमा हो गई। सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर अपने कार्यालय परिसर में गाड़ी को नहीं पाकर लावारिस हालत में पड़े वाहन के पास पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खेत से गाड़ी को बाहर निकाला और गैरेज पर ले जाया गया। ग्रामीणों में चर्चा है कि आखिर किस परिस्थिति में अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय से पुलिस वाहन आधा किलोमीटर दूर सड़क से 10 फीट नीचे खेत के गड्ढे में लावारिस हालत में पाया गया।

कई लोगों ने बताया कि जहां पुलिस कार्यालय ही सुरक्षित नहीं है, वहां पुलिस जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेगी। इस संबंध में अंल पुलिस निरीक्षक सुरेश राम ने बताया कि रोजाना की तरह पुलिस की गश्ती जीप को बुधवार देर शाम कार्यालय परिसर में खड़ा कर दिया गया था। रात में बिरौल के ही एक मानसिक रोगी ने ऐसी करतूत की। पुलिस वाहन को खेत में ले जाकर छोड़ने वाले मानसिक रोगी की पहचान कर दी गई है।

सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्यवाई के क्रम में पु0नि0, बिरौल अंचल के नाम से आवंटित पुलिस जीप जो कार्या0 के सामने लगी थी, करीब 150 मीटर की दूरी सड़क किनारे लगा पाया गया। जॉच के क्रम में ज्ञात हुआ कि गौरव कुमार पिता बच्चन कुमार सा० + थाना बिरौल के द्वारा ऐसा किया गया है। pic.twitter.com/t0soGBRVO4
— Darbhanga Police (@DarbhangaPolice) June 28, 2024





