समस्तीपुर : खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वधान में शहर के पटेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय विद्यालय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को रोमांच और शानदार खेल का नजारा देखने को मिला। खेले गए पहले मैच में मगध प्रमंडल ने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर मुंगेर को एक विकेट से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में पटना प्रमंडल ने मेजबान दरभंगा को 29 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इन जीतों के साथ पटना और मगध ने खिताब की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।
दिन के पहले मुकाबले में मुंगेर और मगध के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर की टीम ने राजगीर भारती के 33, फैज आलम के 17 और यशराज के 10 रनों की मदद से निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट पर 99 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम को मुंगेर के गेंदबाजों ने आखिरी समय तक चुनौती दी। प्रशांत ने 32 और अंतरिक्ष राज ने 18 रनों की उपयोगी पारी खेलकर जीत की उम्मीद कायम रखी। मुकाबला अंतिम गेंद तक पहुंच गया, जहां मगध को जीत के लिए एक रन की जरूरत थी। टीम ने अंतिम गेंद पर एक रन बनाकर नौ विकेट के नुकसान पर 100 रन पूरे किए और एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
दूसरे मुकाबले में पटना प्रमंडल ने मेजबान दरभंगा को 29 रनों से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पटना की टीम ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए तीन विकेट पर 133 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। यशराज ने 51 और कुमार रोचक ने 50 रनों की शानदार पारियां खेलीं, जबकि आयुष ने 22 रनों का योगदान दिया।
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान दरभंगा की टीम पटना के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। अयान ने 23, कार्तिकेयन झा ने 18, एमडी सोफियान ने 15, आयुष ने 12 और कुमार प्रियांशु ने 11 रन बनाए, लेकिन पूरी टीम 13.1 ओवर में 104 रनों पर सिमट गई। पटना की जीत के नायक अवनीश कुमार रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में महज 12 रन देकर चार विकेट झटके।
जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत शनिवार को दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में सारण प्रमंडल का सामना मगध प्रमंडल से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पटना और तिरहुत प्रमंडल की टीमें आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को आयोजित किया जाएगा। मुकाबलों में मुजफ्फरपुर के सन्नी वर्मा, पूर्णिया के राघव ठाकुर, पटना के संजय कुमार सिंह एवं अविनाश शुक्ला ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
समस्तीपुर : आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित…
समस्तीपुर : विमेंस कॉलेज समस्तीपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को अंतर महाविद्यालय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता…
समस्तीपुर : बाल विवाह उन्मूलन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली एवं…
समस्तीपुर : मंडल कारा में गुरुवार की देर रात जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की…
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसारी गांव में हुए चर्चित सुधांशु शर्मा हत्याकांड मामले…
समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर…