Samastipur

समस्तीपुर की दो बहनों ने सरकारी सेवाओं में हासिल किया मुकाम, ज्योति बनीं कृषि पदाधिकारी तो जूही नर्सिंग कर्मी 

समस्तीपुर : कहा जाता है कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती है। इस कहावत को सच कर दिखाया है समस्तीपुर जिले के हसनपुर प्रखंड के पिरौना गांव की दो सगी बहनों ने। दोनों बहनों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर सफलता की नई कहानी लिखी है। एक बहन ने कृषि सेवा में अधिकारी बनकर किसानों की सेवा करने का लक्ष्य तय किया है, तो दूसरी ने नर्सिंग कर्मी बनकर मरीजों की सेवा का संकल्प लिया है।

ग्रामीण चिकित्सक सज्जन महतो और स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत इंदु देवी की दोनों बेटियों की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है। बड़ी बेटी ज्योति कुमारी का चयन बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की कृषि सेवा परीक्षा के माध्यम से प्रखंड कृषि पदाधिकारी के पद पर हुआ है। वहीं, छोटी बेटी जूही कुमारी ने नर्सिंग कर्मी के रूप में चयनित होकर परिवार का गौरव बढ़ाया है। दोनों बहनों की सफलता से गांव की अन्य लड़कियों को भी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

ज्योति कुमारी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, बिरौली से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद कृषि विश्वविद्यालय पूसा से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। कृषि विषय में उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने बीपीएससी की कृषि सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की। अब प्रखंड कृषि पदाधिकारी के रूप में किसानों के बीच काम करने का अवसर मिला है। ज्योति का कहना है कि कृषि देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। किसानों की मेहनत से ही लोगों तक अन्न पहुंचता है। उनका उद्देश्य उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना और किसानों को बेहतर खेती के लिए जागरूक करना है, ताकि कृषि क्षेत्र को और मजबूत बनाया जा सके।

मां से प्रेरित होकर जूही ने चुना नर्सिंग का क्षेत्र :

छोटी बेटी जूही कुमारी की शुरुआती पढ़ाई पीसी स्कूल सकरपुरा से हुई। उन्होंने हसनपुर कॉलेज से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद नर्सिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए उन्होंने नर्सिंग पदाधिकारी के पद पर चयन हासिल किया। जूही ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया है। उन्होंने बताया कि अपनी मां को स्वास्थ्य विभाग में मरीजों की सेवा करते देखकर उनके मन में भी स्वास्थ्य सेवा से जुड़ने की इच्छा पैदा हुई। अब वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ मरीजों की सेवा करना चाहती हैं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाना उनके लिए महत्वपूर्ण है।

पिता बोले- बेटियों ने सपना किया साकार :

ग्रामीण चिकित्सक सज्जन महतो ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक ग्रामीण चिकित्सक के रूप में वह दिन-रात लोगों की सेवा करते हैं। उनकी हमेशा इच्छा रही कि उनकी बेटियां पढ़-लिखकर उनसे भी बड़े स्तर पर समाज और देश की सेवा करें। आज दोनों बेटियों ने अपनी मेहनत से उस सपने को साकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि बेटियों की इस उपलब्धि से उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। हर माता-पिता को अपनी बेटियों की शिक्षा और उनके सपनों को महत्व देना चाहिए। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बेटियां किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।

मां को बेटियों की कामयाबी पर गर्व :

एएनएम इंदु देवी ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी होने के नाते उन्होंने हमेशा मरीजों की सेवा को प्राथमिकता दी है। उन्हें इस बात की खुशी है कि उनकी एक बेटी नर्सिंग पदाधिकारी बनकर स्वास्थ्य सेवा से जुड़ेगी, जबकि दूसरी कृषि सेवा अधिकारी के रूप में किसानों के हित में काम करेगी। उन्होंने बताया कि बचपन से ही बेटियों को मेहनत, ईमानदारी और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी। दोनों की सफलता से परिवार का सपना पूरा हुआ है।

गांव में खुशी, दूसरी लड़कियों को मिलेगी प्रेरणा :

ज्योति और जूही की उपलब्धि पर गांव के गणमान्य लोगों, बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की। लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी साझा की। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बहनों ने साबित किया है कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और परिवार का सहयोग मिले तो वे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। एक ही परिवार की दो बेटियों का अलग-अलग क्षेत्रों में सरकारी सेवा के लिए चयनित होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता से यह संदेश भी मिलता है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के सहारे ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी बेटियां भी अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।

Avinash Roy

Recent Posts

समस्तीपुर की दो बहनों का कमाल; बड़ी बहन प्राची ने UPSC में हासिल की थी 28वीं रैंक, अब छोटी बहन प्रज्ञा वैज्ञानिक बनने की राह पर

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के बिथान प्रखंड स्थित तेलनी गांव की दो सगी बहनों ने…

3 घंटे ago

डांस चैंपियनशिप में सतिश नृत्यशाला के पांच विद्यार्थियों ने जीते पदक, नेशनल के लिए चयनित; सुप्रिया ने जीता स्वर्ण, चार अन्य विद्यार्थियों को रजत पदक

समस्तीपुर/रोसड़ा : रोसड़ा में विगत एक नवंबर को आयोजित बिहार डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में…

8 घंटे ago

समस्तीपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबला जारी

समस्तीपुर : समस्तीपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में…

19 घंटे ago

समस्तीपुर में हुए Flipkart स्टोर लूटकांड मामले में एक गिरफ्तार, आरोपी के पास से लूट के 18 हजार रुपये नगद बरामद

समस्तीपुर : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ में विगत 25 अक्टूबर की रात करीब…

22 घंटे ago

छठ पर्व से पहले निर्माणाधीन पोखर और घाट का डीएम ने लिया जायजा; समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश

समस्तीपुर : आगामी छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।…

23 घंटे ago