Samastipur

नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा लोक आस्था का महापर्व छठ

समस्तीपुर : लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ आज शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। महापर्व को लेकर समस्तीपुर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। घरों से लेकर छठ घाटों तक साफ-सफाई और सजावट का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। वहीं, बाजारों में भी छठ की रौनक देखते ही बन रही है। गुरुवार को शहर के गुदरी बाजार, स्टेशन रोड, मारवाड़ी बाजार, रामबाबू चौक, गणेश चौक, गोला रोड सहित अन्य प्रमुख बाजारों में पूजन सामग्री, फल, सब्जियों और अनुष्ठान में इस्तेमाल होने वाले सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।

महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय में बनने वाले पारंपरिक कद्दू-भात को लेकर बाजार में कद्दू की मांग काफी बढ़ गई है। मांग में अचानक आई तेजी और बाजार में सीमित उपलब्धता के कारण कद्दू की कीमत 60 से 100 रुपये तक पहुंच गई है। कीमत बढ़ने के बावजूद श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार छोटा या आधा कद्दू खरीदकर घर ले जा रहे हैं। इसके अलावा बांस से बने सूप, दउरा, टोकरी और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर खरीदारों की आवाजाही लगी रही।

नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान :

छठ महापर्व के पहले दिन व्रती पवित्र स्नान कर घर, आंगन और रसोई की विशेष साफ-सफाई करेंगे। इसके बाद पूरी शुद्धता और नियम-निष्ठा के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा। नहाय-खाय के दिन अरवा चावल, चना दाल और कद्दू की सब्जी बनाने की विशेष परंपरा है। कई परिवारों में यह भोजन मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर तैयार किया जाता है। भोजन बनाने से लेकर उसे ग्रहण करने तक स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। परंपरा के अनुसार व्रती सबसे पहले भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर तैयार प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले कठिन नियमों और संयम से जुड़े इस महाअनुष्ठान की विधिवत शुरुआत हो जाएगी। जिन श्रद्धालुओं के लिए किसी नदी, तालाब या अन्य जलाशय में स्नान करना संभव नहीं होगा, वे घर पर ही स्नान कर पवित्रता के साथ पूजा की तैयारी करेंगे।

कद्दू की कीमत बढ़ने के बावजूद खरीदारी जारी :

छठ को लेकर शहर के सब्जी बाजारों में सबसे अधिक मांग कद्दू की देखी जा रही है। गुदरी बाजार स्थित सब्जी मंडी में कद्दू 60, 80 और 100 रुपये तक बिक रहा है। खरीदारों का कहना है कि नहाय-खाय के दिन कद्दू-भात का विशेष महत्व है। ऐसे में कीमत बढ़ने के बावजूद इसकी खरीदारी करना जरूरी है। कई लोग पूरे कद्दू के बजाय अपनी जरूरत के हिसाब से छोटा या आधा कद्दू खरीद रहे हैं। सब्जी विक्रेता ओम साह ने बताया कि छठ के दौरान लगभग हर घर में कद्दू की खरीदारी होती है। नहाय-खाय के कारण इसकी मांग अचानक बढ़ जाती है। वहीं, बाजार में कद्दू की उपलब्धता कम रहने से कीमतों में भी तेजी आ जाती है। उन्होंने बताया कि पर्व को देखते हुए सब्जियों की खरीदारी करने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

छठ महापर्व को लेकर केवल सब्जी मंडियों में ही नहीं, बल्कि किराना दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। व्रती और उनके परिजन अनुष्ठान में इस्तेमाल होने वाले चावल, दाल, घी, गुड़, आटा, फल और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में अरवा चावल करीब 50 रुपये किलो, तुलसी फूल 80 से 100 रुपये किलो, चना दाल 100 रुपये किलो और अरहर दाल 160 रुपये किलो बिक रही है। इसके अलावा सूप, दउरा, मिट्टी के बर्तन और अन्य पारंपरिक पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारी तेज हो गई है। दुकानदारों को उम्मीद है कि छठ के अगले दो दिनों में बाजार में खरीदारों की भीड़ और बढ़ेगी। पर्व को लेकर बाजार में सुबह से देर शाम तक चहल-पहल बनी हुई है।

सूप-दउरा से लेकर पीतल के सूप तक की मांग :

छठ पूजा की तैयारी को लेकर बाजार में बांस से बने सूप, दउरा, डगरा और टोकरी की भी खरीदारी हो रही है। दुकानों पर इनकी कीमत अलग-अलग है।

पूजन सामग्री / कीमत

  • – बांस का सूप 60-100 रुपये
  • – डलिया 50-100 रुपये
  • – डगरा 150-200 रुपये
  • – दउरा 250-350 रुपये
  • – दोहरी बुनाई वाला दउरा 400-550 रुपये
  • – टोकरी 250-300 रुपये
  • – पीतल का सूप 770-1500 रुपये

आस्था और परंपरा का दिख रहा अद्भुत संगम :

छठ महापर्व को लेकर जिले में धार्मिक उत्साह का माहौल है। घरों में पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं और लोग अपने-अपने स्तर से पर्व की तैयारियों में जुटे हैं। बाजारों में उमड़ रही भीड़ इस बात का संकेत है कि श्रद्धालुओं में महापर्व को लेकर खासा उत्साह है। छठ केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, पारिवारिक एकजुटता और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का भी प्रतीक माना जाता है। चार दिनों तक पूरा जिला सूर्य उपासना और छठी मैया की भक्ति में सराबोर रहेगा।

छठ महापर्व का कार्यक्रम
  • – 13 नवंबर, शुक्रवार : नहाय-खाय
  • – 14 नवंबर, शनिवार : खरना
  • – 15 नवंबर, रविवार : शाम का अर्घ्य
  • – 16 नवंबर, सोमवार : सुबह का अर्घ्य और पारण

 

Avinash Roy

Recent Posts

पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग का आज समस्तीपुर आगमन, छठ पर्व के दौरान उमड़ने वाली भीड़ के लिये की जा रही तैयारियों का लेंगे जायजा

समस्तीपुर : पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग का आगमन शुक्रवार को समस्तीपुर रेल…

3 घंटे ago

समस्तीपुर में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, जिले में 30.09 लाख मतदाता; 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का मिलेगा मौका

समस्तीपुर : जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत गुरुवार को निर्वाचक सूची का…

10 घंटे ago

समस्तीपुर पहुंचे DIG, कहा- लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाएं, अनुसंधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

DIG मनोज तिवारी की फाइल फोटो  समस्तीपुर : जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस अनुसंधान…

11 घंटे ago

पूर्व सभापति तारकेश्वर नाथ गुप्ता के निधन पर नगर निगम कार्यालय में शोकसभा आयोजित

समस्तीपुर : नगर परिषद के पूर्व सभापति तारकेश्वर नाथ गुप्ता के असामयिक निधन पर गुरुवार…

15 घंटे ago

समस्तीपुर में छठ की खरीदारी करने निकले युवक का संदिग्ध परिस्थिति में मिला शव, परिजनों ने लगाया ह’*त्या का आरोप

समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के मगरदही मोहल्ला स्थित पीएनटी कॉलोनी के समीप बुधवार की…

15 घंटे ago