समस्तीपुर Town

नजर हर खबर पर…

SamastipurNEWS

अब समस्तीपुर में महज 10 रुपये में OPD सेवा, 650 बेड का SK मंडल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का हुआ उद्घाटन

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में SK मंडल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की शुरुआत की गई। अस्पताल का उद्घाटन SK मंडल फाउंडेशन के अध्यक्ष SK मंडल और सचिव मोनी रानी ने किया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यहां मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और विभिन्न प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे समस्तीपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन के अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष SK मंडल ने कहा कि चिकित्सा को केवल व्यवसाय तक सीमित रखना उनका उद्देश्य नहीं है, बल्कि इसे सेवा और समर्पण का माध्यम बनाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति के कारण किसी भी व्यक्ति को बेहतर इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए। मरीजों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। OPD में सिर्फ 10 रूपये के शुल्क पर डाॅक्टर से दिखाया जा सकता है।

वहीं, फाउंडेशन की सचिव मोनी रानी ने कहा कि स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है। अस्पताल का प्रयास है कि मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और आधुनिक उपचार की सुविधाएं मिलें। संस्थान मरीजों और उनके परिजनों के लिए विश्वास का केंद्र बने, इसके लिए प्रयास किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यहां जनरल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, लैप्रोस्कोपी, हृदय रोग, यूरोलॉजी और एनेस्थीसिया सहित विभिन्न चिकित्सा विभागों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों की देखभाल के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा MRI, सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, स्वच्छ वातावरण और 24 घंटे Emergency चिकित्सा सेवा की व्यवस्था भी इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है।

मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न मार्गों से अस्पताल आने-जाने के लिए बस सेवा के संचालन की भी व्यवस्था की गई है। SK मंडल का कहना है कि आधुनिक तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से मरीजों को किफायती दर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। यहां समस्तीपुर शहर के हर बड़े डॉक्टर बैठेंगे और अपनी-अपनी सेवा देंगे। अस्पताल की शुरुआत को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कुल 650 बेड के इस अस्पताल की चर्चा जिले भर में हो रही है। इसे जिले का सबसे बड़ा और सबसे अत्याधुनिक अस्पताल बताया जा रहा है, जहां एक ही भवन में सभी प्रकार की सेवा न्युनतम शुल्क पर उपलब्ध रहेगी। वहीं अगले वर्ष से MBBS नामांकन के लिए भी संस्थान प्रयासरत है।

ProductMarketingAdMaker 14102019 082310

20201015 075150