Samastipur

रोसड़ा में बच्चे का झाला दिखाने के बहाने आभूषण दुकान में घुसा बदमाश, हथियार दिखाकर जेवर से भरा बाॅक्स लेकर हुआ फरार

समस्तीपुर/रोसड़ा : समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एरौत चौक स्थित सुमन ज्वेलर्स में शनिवार की देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब तीन लाख रुपये के सोने के जेवरात लूट लिये। बदमाश बच्चे के कान का झाला खरीदने के बहाने दुकान में घुसा और मौका मिलते ही सोने के जेवरात से भरा बाक्स लेकर भागने लगा। दुकानदार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश ने हथियार निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह बाहर बाइक पर इंतजार कर रहे अपने साथी के साथ रोसड़ा की ओर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत है।

झाला दिखाने के बहाने दुकान में घुसा

पीड़ित दुकानदार रामनारायण ठाकुर ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे एक बाइक पर दो युवक दुकान पर पहुंचे। एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान में आया। उसने बच्चे के कान का सोने का झाला दिखाने को कहा। दुकानदार ने सोने के जेवरात से भरा स्टील का बाक्स निकालकर उसे जेवर दिखाना शुरू किया। इसी दौरान युवक ने बाक्स उठाया और दुकान से बाहर निकलने लगा।

विरोध करने पर निकाल लिया हथियार

जेवरात से भरा बाक्स लेकर युवक को बाहर जाते देख दुकानदार को शक हुआ। उन्होंने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बदमाश ने हथियार निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। हथियार देखकर दुकानदार पीछे हट गया। इसके बाद बदमाश बाक्स लेकर दुकान के बाहर खड़ी बाइक पर सवार हो गया और अपने साथी के साथ रोसड़ा की ओर फरार हो गया। पूरी वारदात कुछ ही मिनट में हो गई।

बाक्स में थे कई तरह के सोने के जेवर

दुकानदार के अनुसार, लूटे गये बाक्स में सोने के झाला के दो जोड़े, हनुमानी के चार पीस, जिउतिया के चार पीस, मंगलसूत्र के तीन पीस और ढोलना के दो पीस थे। सभी जेवरात का कुल वजन करीब 20 ग्राम बताया गया है। दुकानदार ने इसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये बतायी है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गये। ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर लूट की सूचना से व्यवसायियों में चिंता बढ़ गयी है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

इधर, सूचना मिलने के बाद रोसड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों के भागने की दिशा के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। दोनों बदमाशों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। रोसड़ा थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Avinash Roy

Recent Posts

अनंत सिंह की बेटी की शादी की रस्में शुरू, होने वाले दामाद को तिलक में देंगे ‘डिफेंडर’, 25 नवंबर को है शादी

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी की रस्मों की शुरुआत हो गई…

5 घंटे ago

बिहार के लोगों के लिए जरुरी खबर; वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की आ गई तारीख, यहां कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

बिहार के लोगों के लिए जरुरी खबर है. वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए…

6 घंटे ago

MLC सुनील सिंह से 8 घंटे ED ने की पूछताछ, अब पत्नी-बेटे को तलब, जानिए क्या है चना-दाल घोटाला

बिहार में चना दाल घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच…

6 घंटे ago

‘चाचा के लिए दिल का दरवाजा हमेशा खुला’, रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को दिया ऑफर

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को ऑफर दिया है.…

6 घंटे ago

अरुण कुमार गांधी समस्तीपुर के नए डाक अधीक्षक बने, रोबिन चंद्रा का तबादला सहरसा प्रमंडल में हुआ

समस्तीपुर : भारतीय डाक विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए समस्तीपुर डाक प्रमंडल के नए…

11 घंटे ago

PM मोदी के कार्यक्रम को लेकर वैशाली में 24 घंटे तक वाहनों के परिचालन पर रहेगी रोक; समस्तीपुर से पटना जाने वालों को बदलना होगा रूट

समस्तीपुर : वैशाली जिले के राजापाकर में आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के…

21 घंटे ago