रावण दहन समारोह को लेकर SDO व DSP ने किया हाउसिंग बोर्ड मैदान का निरीक्षण; साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

समस्तीपुर : दशहरा एवं विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले रावण दहन समारोह को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) राकेश कुमार, सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन, ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक चौबे समेत अन्य ने जितवारपुर हाउसिंग बोर्ड मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मैदान की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को कार्यक्रम से पहले मैदान की समुचित साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पेयजल, रोशनी, बैरिकेडिंग, पार्किंग और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए मुख्य मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्देश दिया, ताकि समारोह में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

एसडीओ ने कहा कि रावण दहन समारोह को शांतिपूर्ण, भव्य और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया है। उन्होंने आम लोगों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा, ताकि आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनी रहे। मौके पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह, नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, दशहरा कमिटी के साहिल चोपड़ा समेत अन्य उपस्थित रहे।




