समस्तीपुर : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने से छूट गए योग्य मतदाताओं के पंजीकरण के लिए जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 16 और 17 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाया जाएगा। इसको लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम रोशन कुशवाहा ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए छूटे हुए योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है और सतत अद्यतीकरण के दौरान भी उनका पंजीकरण नहीं हो सका है, उनसे प्रपत्र-6 में आवेदन लेकर नियमानुसार नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाए। ऐसे आवेदनों की सूची तैयार कर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने मतदान केंद्र के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्राप्ति के साथ उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए अलग से पंजी का संधारण भी किया जाएगा।
छूटे हुए मतदाताओं की पहचान के लिए विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले और बाद में मतदान केंद्रों की संख्या में युक्तिकरण के कारण बदलाव हुआ है। ऐसे में पुराने मतदान केंद्रों की सूची के आधार पर मतदाताओं की पहचान करने में परेशानी हो सकती है। इसके लिए एसआईआर के दौरान तैयार एएसडी सूची का बीएलओ से सत्यापन कराने और उसके आधार पर छूटे हुए योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई करने को कहा गया।
16 और 17 अक्टूबर को आयोजित विशेष कैंपों में पर्याप्त संख्या में प्रपत्र-6, 7 और 8 के साथ आवश्यक पंजी उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। कैंप के दौरान प्रमुख कार्यों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। फॉर्म-6 भरने वाले आवेदकों और वर्तमान मतदाता सूची में नाम दर्ज रहने वाले मतदाताओं के प्रशंसापत्र तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय या जिला जनसंपर्क कार्यालय को भेजे जाएंगे। वहां से इन्हें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के कार्यालय को भेजा जाएगा।
डीएम ने बीएलओ पर्यवेक्षकों को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। वे प्रतिदिन बीएलओ के कार्यों की निगरानी करेंगे और उनके द्वारा संधारित पंजी का निरीक्षण करेंगे। कैंप के दिन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण एवं अनुश्रवण करेंगे। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, समस्तीपुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
समस्तीपुर : जिले के 4 लाख 57 हजार 896 पेंशनधारियों के खाते में सितंबर 2026…
समस्तीपुर : एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने शनिवार को पुलिस पदाधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग…
समस्तीपुर : विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय में…
समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित लखना चौक के समीप शनिवार को जिला…
लखनऊ मंडल के गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग की कमीशनिंग को लेकर ट्रेनों के परिचालन…
समस्तीपुर/मोहनपुर : समस्तीपुर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में गुरुवार की रात…