श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में काउंसलिंग की तैयारियों का समस्तीपुर SDO ने लिया जायजा, 18 सितंबर से शुरू होगी काउंसलिंग, कॉलेज में उपलब्ध हैं 50 मेडिकल सीटें
समस्तीपुर/सरायरंजन : आगामी 18 सितंबर से श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज नरघोघी में शुरू होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया को लेकर सोमवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) राकेश कुमार ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने काउंसलिंग स्थल पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, अभ्यर्थियों की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को काउंसलिंग प्रक्रिया को सुचारु, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज नरघोघी में काउंसलिंग के लिए कुल 50 मेडिकल सीटें उपलब्ध हैं। इनमें 8 सीटें केंद्र सरकार तथा 42 सीटें बिहार सरकार की ओर से निर्धारित की गई हैं। काउंसलिंग प्रक्रिया को लेकर कॉलेज परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।



