बाढ़ प्रभावित इलाकों में कैंप मोड में काम करेंगे अधिकारी, डीएम ने किया निरीक्षण; तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी का निर्देश

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने निगरानी और राहत कार्य तेज कर दिया है। गुरुवार को डीएम रोशन कुशवाहा ने मोहिउद्दीननगर और मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलस्तर, आवागमन, तटबंधों की सुरक्षा और लोगों को मिल रही आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी पटोरी, बीडीओ, सीओ और बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में कैंप मोड में काम करेंगे अधिकारी, समस्तीपुर डीएम रोशन कुशवाहा ने मोहिउद्दीननगर व मोहनपुर का किया निरीक्षण
तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी का दिया निर्देश, जलस्तर और आवागमन की स्थिति पर नजर रखने को कहा
प्रभावित लोगों की शिकायतों का तत्काल… pic.twitter.com/sM83Y8UXyK
— Samastipur Town (@samastipurtown) September 3, 2026
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को कैंप मोड में काम करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में उनकी मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। स्थानीय स्तर पर लोगों से मिलने वाली शिकायतों और समस्याओं का तत्काल समाधान करने का भी निर्देश दिया गया। डीएम ने बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षात्मक एवं निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। वहीं प्रभावित लोगों के लिए पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवागमन जैसी आवश्यक सुविधाओं की लगातार समीक्षा करने का निर्देश दिया।


एडीएम (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह को राहत एवं बचाव कार्यों और प्रशासनिक तैयारियों की सतत निगरानी करने तथा प्रतिदिन की स्थिति से डीएम को अवगत कराने को कहा गया। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासनिक और तकनीकी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान मोहिउद्दीननगर विधायक राजेश सिंह, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, एडीएम आपदा प्रबंधन राजेश सिंह, पटोरी एसडीओ विकास पांडेय, एसडीपीओ बीके मेधावी सहित संबंधित प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, बाढ़ प्रमंडल के अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद थे।




