समस्तीपुर/घटहो : घटहो थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव में मिथुन गिरि की संदिग्ध मौत के बाद मामला उस समय और गरमा गया, जब पुलिस ने पूछताछ के बाद अवधेश गिरि की पत्नी कामिनी देवी को छोड़ दिया। इससे नाराज मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने घटहो थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की कार्रवाई के विरोध में थाना के सामने टायर जलाकर आगजनी की और सड़क जाम कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया।
इसके बाद लोगों को सड़क से हटाकर आवागमन सामान्य कराने का प्रयास किया गया। थाना के सामने हंगामे और आगजनी से कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही। आक्रोशित स्वजन का कहना था कि मिथुन की मौत की गुत्थी सुलझने से पहले ही मामले से जुड़े लोगों को छोड़ना उचित नहीं है। वे मिथुन की मौत को हत्या बता रहे हैं। दूसरी ओर, पुलिस प्रथम दृष्टया कीटनाशक पदार्थ के सेवन से आत्महत्या की आशंका से भी इंकार नहीं कर रही है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।
बुधवार की अहले सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने ठाकुरबारी के समीप बांध किनारे झाड़ी में मिथुन का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया था। परिजनों ने शव पर चोट के निशान होने और सिगरेट से दागे जाने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई।
शव मिलने के बाद पुलिस ने अवधेश गिरि की पत्नी कामिनी देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उसे छोड़ दिए जाने की सूचना पर मृतक के स्वजन और ग्रामीण भड़क उठे। बड़ी संख्या में लोग घटहो थाना पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। देखते ही देखते थाना के सामने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी कर दी गई। लोगों ने सड़क जाम कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिसकर्मियों ने भीड़ को समझाने और सड़क खाली कराने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों के नहीं हटने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों के बीच चर्चा के अनुसार, मंगलवार को चोरी की घटना से संबंधित एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। बताया जा रहा है कि वीडियो में मिथुन के पिता रामप्रवेश गिरि द्वारा अपने पुत्र पर चोरी करने का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई थी। इसी वीडियो को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। विवाद के बाद मिथुन घर से निकल गया। इसी दौरान गांव के अवधेश गिरि द्वारा उसे अपने घर बुलाकर ले जाने की बात सामने आई। देर रात तक मिथुन घर नहीं लौटा तो स्वजन उसकी तलाश में निकल गए। स्वजन का आरोप है कि जब वे अवधेश के घर पहुंचे तो उन्हें वहां से कथित तौर पर भगा दिया गया। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ रही है।
मृतक के पिता के अनुसार, मंगलवार को दिन में मिथुन और अवधेश के बीच भी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस दौरान अवधेश द्वारा मिथुन को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि अवधेश मिथुन पर अपनी पत्नी से कथित अवैध संबंध होने का आरोप लगाता था। हालांकि, इस आरोप की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य का सत्यापन किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक के पेट में कीटनाशक पदार्थ मिलने की बात सामने आई है। इससे आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, शव पर चोट के निशान होने का स्वजन का दावा और अन्य परिस्थितियां मामले को संदिग्ध बना रही हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की स्थिति, वायरल वीडियो, कथित मारपीट, धमकी और युवक के अंतिम समय में किन लोगों से संपर्क में रहने की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मिथुन की मौत से पहले उसके साथ क्या हुआ था।
घटना के बाद पुलिस ने अवधेश की पत्नी कामिनी देवी को पकड़कर पूछताछ की थी। वहीं, मिथुन की पत्नी सोनम देवी से भी पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद सोनम को पुलिस ने छोड़ दिया। कामिनी को छोड़े जाने के बाद ही मृतक के स्वजन और ग्रामीणों का आक्रोश थाना पर फूट पड़ा। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद किसी व्यक्ति को छोड़ना जांच की प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है। किसी की गिरफ्तारी या हिरासत का निर्णय उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही लिया जाएगा।
मिथुन राजकोट में मजदूरी करता था और करीब 15 दिन पहले ही घर आया था। सोमवार को उसे वापस राजकोट जाना था। लेकिन मंगलवार को हुए विवाद के बाद वह घर नहीं लौटा। मंगलवार की शाम उसकी पत्नी सोनम देवी अपने मायके हरसिंगपुर चली गई थी। पति की मौत की सूचना मिलने के बाद वह वापस लौटी। मिथुन की मौत से पत्नी सोनम देवी, 11 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार, सात वर्षीय पुत्री रानी कुमारी और मां शोभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लिखित आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। प्रारंभिक जानकारी में आपसी विवाद और कथित अवैध संबंध से जुड़ा मामला सामने आया है। वायरल वीडियो, मारपीट, धमकी और युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मिथुन की मौत के बाद सामने आए आरोपों ने पूरे घटनाक्रम को उलझा दिया है। एक ओर स्वजन चोट के निशान के आधार पर हत्या की आशंका जता रहे हैं, तो दूसरी ओर कीटनाशक पदार्थ मिलने की बात आत्महत्या की आशंका को जन्म दे रही है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि मिथुन की मौत कीटनाशक पदार्थ के सेवन से हुई या उसके साथ मारपीट के बाद उसकी जान गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष से ही इस सवाल का जवाब मिल सकेगा। थाना पर हंगामा और सड़क जाम के बाद मामला पुलिस के लिए और चुनौतीपूर्ण हो गया है।
समस्तीपुर/मुसरीघरारी : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ हथियार…
समस्तीपुर : जिले के 4 लाख 48 हजार 291 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में…
समस्तीपुर : राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवहन विभाग से जुड़े लंबित चालानों के त्वरित निष्पादन…
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को मुश्किलें बढ़…
बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को एक बड़ा निर्माणाधीन पुल हादसा सामने आया है.…
समस्तीपुर : गंगा एवं वाया नदी के जलस्तर में पिछले कुछ घंटों से मामूली गिरावट…