‘राजयोग की शक्ति द्वारा सकारात्मक जीवनशैली’ विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित
समस्तीपुर/दलसिंहसराय : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय के डैनी चौक स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के कल्याणकारी भवन में रविवार को ‘राजयोग की शक्ति द्वारा सकारात्मक जीवनशैली’ विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समस्तीपुर से आए कृष्ण भाई जी, वरीय आयकर अधिवक्ता डीके सिंह, बीके सोनिका बहन, रंजना बहन व आशा बहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए कृष्ण भाई जी ने कहा कि वर्तमान समय में जीवन को सकारात्मक और तनावमुक्त बनाए रखने के लिए व्यक्ति को अपने विचारों पर ध्यान देना जरूरी है। राजयोग मन की एकाग्रता, आंतरिक शांति और आत्मिक शक्ति बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति परिस्थितियों का शांतिपूर्ण और संतुलित ढंग से सामना कर सकता है।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचार ही सकारात्मक जीवन की नींव हैं। मन को श्रेष्ठ और सकारात्मक चिंतन से जोड़ने पर व्यक्ति के व्यवहार और जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव आने लगता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग के महत्व की जानकारी दी गई तथा दैनिक जीवन में राजयोग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सेमिनार में लोगों ने आंतरिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली के लिए राजयोग के महत्व को समझा और इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। बीके सोनिका बहन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।


