समस्तीपुर : शहर के प्रसिद्ध थानेश्वर स्थान मंदिर में श्रावणी मास की पहली सोमवारी को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में 25 मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सादे लिबास में महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी, ताकि पूरे आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे। शनिवार को सदर एसडीओ राकेश कुमार की अध्यक्षता में थानेश्वर मंदिर परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बीडीओ, सीओ, नगर थानाध्यक्ष, ट्रैफिक थानाध्यक्ष, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी तथा मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक में सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के बाद एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि पहली सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पूरे क्षेत्र की मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सादे लिबास में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को भी भीड़ के बीच तैनात किया जाएगा। श्रद्धालुओं के सुचारू प्रवेश-निकास, कतारबद्ध दर्शन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है। एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुविधाजनक माहौल में पूजा-अर्चना कराना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने, प्रशासनिक निर्देशों का सहयोग करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। वहीं मंदिर प्रबंध समिति ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति की ओर से सभी आवश्यक इंतजाम किए जा चुके हैं। प्रशासन और मंदिर समिति के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष श्रावणी पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी अंतिम चरण में है।
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत नरघोघी स्थित श्रीराम जानकी चिकित्सा महाविद्यालय एवं…
समस्तीपुर : समस्तीपुर नगर निगम की दुकानों से मिलने वाला किराया पिछले करीब तीन वर्षों…
समस्तीपुर : स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पतालों में 75 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा अनिवार्य…
समस्तीपुर : पुलिस लाइन में निर्माणाधीन 200 बेड के महिला सिपाही बैरक के निर्माण कार्य…
समस्तीपुर : वीमेंस कॉलेज समस्तीपुर के भौतिकी विज्ञान विभाग में बुधवार को एलुमनी इंटरैक्शन कार्यक्रम…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनीपुर महेशपट्टी गांव स्थित महेंद्र चौक…