समस्तीपुर : त्योहारों से पहले ट्रेनों में टिकटों की मारामारी, लंबी वेटिंग ने बढ़ाई यात्रियों की चिंता, नई दिल्ली से बिहार आने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म टिकट मुश्किल

समस्तीपुर : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर बिहार लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में अभी से टिकटों की मारामारी शुरू हो गई है। नई दिल्ली से समस्तीपुर, कटिहार और सहरसा की ओर आने वाली प्रमुख ट्रेनों में अक्टूबर की यात्रा के लिए लंबी वेटिंग चल रही है। 10 से 28 अक्टूबर के बीच कई ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। कुछ ट्रेनों में तो टिकट रिग्रेट होने की स्थिति भी बन रही है। त्योहारी सीजन में बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में लोग घर लौटते हैं। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए अक्टूबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह में ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अभी से आरक्षण की स्थिति दबाव में आ गई है।
कई प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग
नई दिल्ली से समस्तीपुर, कटिहार और सहरसा की ओर आने वाली प्रमुख ट्रेनों में 28 अक्टूबर की आरक्षण स्थिति यात्रियों की परेशानी को स्पष्ट करती है। कई ट्रेनों की स्लीपर और थर्ड एसी श्रेणी में लंबी वेटिंग चल रही है, जबकि कुछ ट्रेनों में आरएसी भी मिल रही है। बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में स्लीपर में 42 वेटिंग, थर्ड इकोनॉमी में 5 वेटिंग और थर्ड एसी में आरएसी 31 है। वहीं स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के स्लीपर में 16 वेटिंग, थर्ड इकोनॉमी में आरएसी 5 और थर्ड एसी में आरएसी 15 चल रही है।


सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस में भी 38 वेटिंग है। वैशाली एक्सप्रेस के स्लीपर में 56, थर्ड इकोनॉमी में 5, थर्ड एसी में 5 और सेकंड एसी में 2 वेटिंग है। इसके अलावा अवध असम एक्सप्रेस के स्लीपर में 18 वेटिंग चल रही है, जबकि अन्य श्रेणियों में सीमित सीटें उपलब्ध हैं। अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस के स्लीपर में 15, थर्ड इकोनॉमी में 5 और थर्ड एसी में 4 वेटिंग है।

तत्काल और पूजा स्पेशल पर टिकी उम्मीद
त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रियों के सामने अब तत्काल टिकट और रेलवे की ओर से घोषित की जाने वाली पूजा स्पेशल ट्रेनों का विकल्प प्रमुख रूप से बचा है। यात्रियों का कहना है कि नियमित ट्रेनों में अभी से लंबी वेटिंग होने के कारण परिवार के साथ घर लौटने की योजना बनाना मुश्किल हो रहा है।
जल्द स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
रेल यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे जल्द ही पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा करेगा। यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाता है, तो दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान बिहार लौटने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
दुर्गापूजा-छठ से पहले समस्तीपुर समेत बिहार के अन्य स्टेशन आने वाली ट्रेनों में बढ़ी वेटिंग, कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल
नई दिल्ली से समस्तीपुर, कटिहार और सहरसा की ओर आने वाली प्रमुख ट्रेनों में अक्टूबर की यात्रा के लिए लंबी वेटिंग चल रही है, 10 से 28 अक्टूबर के बीच कई ट्रेनों में… pic.twitter.com/wIgqIsRdDR
— Samastipur Town (@samastipurtown) August 31, 2026




