समस्तीपुर : मोहिउद्दीननगर थाना परिसर स्थित अपने कमरे में मृत पाए गए डायल-112 में तैनात एएसआई बबलू प्रसाद को शनिवार की शाम नगर थाना परिसर में पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शव नगर थाना परिसर लाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एसपी अरविंद प्रताप सिंह, ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक चौबे, नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह, ट्रैफ़िक थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन समेत अन्य कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव लेकर रवाना किया गया। पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में विधि-विज्ञान संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मेडिकल बोर्ड की देखरेख में कराया गया। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे, जबकि मोहिउद्दीननगर थाना की टीम भी सदर अस्पताल में तैनात रही।
इधर शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे अस्पताल पहुंचे मृतक की पत्नी सुनीता कुमारी, बड़े भाई मुन्ना लाल, चाची निर्मला देवी, चचेरे भाई जयदेव कुमार व अन्य परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मृतक एएसआई की पत्नी सुनीता कुमारी बार-बार बेहोश होकर बेसुध हो जा रही थी। मृतक की चाची निर्मला देवी उसकी पत्नी को बार-बार संभाल रही थी। होश में आने पर मृतक की पत्नी ने बताया कि घटना से एक दिन पहले ही उनकी अपने पति बबलू प्रसाद से सामान्य बातचीत हुई थी। उन्होंने अपनी मां से भी फोन पर बात की थी, लेकिन किसी प्रकार की परेशानी, तनाव या विवाद की कोई जानकारी नहीं दी थी।
पत्नी के अनुसार उनका किसी से पारिवारिक विवाद भी नहीं था। परिजनों ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण यह दुखद घटना हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। गौरतलब है कि मोहिउद्दीननगर थाना परिसर में एएसआई बबलू प्रसाद का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मामले की जांच पुलिस विभिन्न पहलुओं से कर रही है।
समस्तीपुर : नवरात्र के अवसर पर शहर के ताजपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज शिव शक्ति भवन…
समस्तीपुर : सदर अस्पताल में शनिवार को प्रसव के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत…
समस्तीपुर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था…
समस्तीपुर : दुर्गा पूजा के सप्तमी, महाअष्टमी, महानवमी एवं विजयादशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की…
समस्तीपुर : नगर निगम समस्तीपुर के नगर आयुक्त गौतम कुमार ने शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य…
'जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे. मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान…