समस्तीपुर में 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज; मुंगेर, खगड़िया और सारण ने दर्ज की जीत

समस्तीपुर : खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर के खेल मैदान में पांच दिवसीय 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में डीएम रोशन कुशवाहा, डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, एडीएम (आपदा) राजेश कुमार सिंह, एडीओ दिलीप कुमार, एनडीसी रजनीश कुमार राय तथा जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद फुटबॉल पर किक लगाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का हरित पौधा, खेल बैज एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और खेल की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में शहर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पू.म.रे., समस्तीपुर खेल मैदान में शुक्रवार से पांच दिवसीय 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026… pic.twitter.com/JmoexY9ZJF
— Samastipur Town (@samastipurtown) July 10, 2026
वहीं डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव देते हैं और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा, परिवहन और खेल मैदान सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन के सहयोग से सुदृढ़ रूप से की गई हैं, ताकि प्रतियोगिता का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके।
पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम :
प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में मुंगेर ने मुजफ्फरपुर को 2-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में कटिहार की टीम के निर्धारित समय तक मैदान पर उपस्थित नहीं होने के कारण खगड़िया को वॉकओवर देकर अगले चरण में भेजा गया। वहीं तीसरे मुकाबले में सारण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वैशाली को 9-0 के बड़े अंतर से पराजित कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।

प्रतियोगिता में सीतामढ़ी के रोहित कुमार, पश्चिम चंपारण के राहुल प्रियांशी, पश्चिम चंपारण के समीर संजय तथा मुंगेर की मोना वर्मा निर्णायक की भूमिका निभा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में जिला परिवहन पदाधिकारी सौरभ कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शिक्षक, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय ने किया।



