डबल म’र्डर कांड में जिंदा बचे प्रभात गिरोह के साथी ने कई बदमाशों की पहचान का किया दावा

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार गांव में मंगलवार की रात हुए दोहरे हत्याकांड में बाल-बाल बचे प्रभात चौधरी गिरोह के एक युवक ने पुलिस को बताया है कि उसने वारदात में शामिल कई बदमाशों की पहचान कर ली है। युवक ने पुलिस को कुछ संदिग्धों के नाम भी बताए हैं। इसके आधार पर पुलिस संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि समाचार प्रेषण तक मृतकों के परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक एवं एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मृतक प्रभात चौधरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जबकि दूसरे मृतक सन्नी के शव को हनुमाननगर से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटनास्थल से तीन मैगजीन, पिस्तौल और देशी कट्टा बरामद :
दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सुराग बरामद किए हैं। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि तीन लोडेड मैगजीन घटनास्थल के पास गिरा हुआ बरामद किया गया हैं। वहीं मृतक प्रभात चौधरी के शव के पास से एक लोडेड पिस्तौल, एक अतिरिक्त मैगजीन और एक जिंदा गोली भी मिली है। इसके अलावे कई खोखा भी बरामद किया गया है। बताया गया कि बुधवार की सुबह भी उजाला होने पर पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी कट्टा बरामद किया, जिसमें एक गोली लोड होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा प्रभात चौधरी की जेब से 25 हजार 120 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामानों को पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

गोलीबारी के बाद गांव में दहशत, घरों में दुबके रहे लोग :
मंगलवार रात हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के बाद नामापुर दरियापार गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण देर रात तक अपने-अपने घरों में दुबके रहे और कोई भी बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका। ग्रामीणों के अनुसार, शाम से ही घटना स्थल के आसपास कुछ संदिग्ध लोगों की आवाजाही देखी जा रही थी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दर्जनों राउंड फायरिंग हुई, जिसकी आवाज पूरे इलाके में गूंजती रही। हालांकि, भय के कारण ग्रामीण खुलकर कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं।



