शहर के BRB कॉलेज में NSS मैराथन का आयोजन, प्रतिभाशाली धावकों का हुआ चयन

समस्तीपुर : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की अंगीभूत इकाई बलिराम भगत महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आगामी रेड रन 2026 प्रतियोगिता के लिए प्रतिभावान धावकों के चयन हेतु विशेष दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई. चयन प्रक्रिया का उद्देश्य महाविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पहचानकर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाना था.
मैराथन चयन प्रक्रिया का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जे.पी. वैश्यंत्री की अध्यक्षता में हुआ. उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल, योग और शारीरिक फिटनेस विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं. खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाता है.


एनएसएस की देखरेख में हुई चयन प्रक्रिया
पूरे आयोजन का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश मौर्य एवं डॉ. गुड़िया कुमारी की देखरेख में किया गया. छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया. निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का रेड रन 2026 के लिए चयन किया गया. कार्यक्रम पदाधिकारियों ने चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अभ्यास और फिटनेस बनाए रखने की अपील की.





