समस्तीपुर न्यायाधीश आवासीय परिसर में 12 नए न्यायिक आवासों का उद्घाटन
समस्तीपुर : समस्तीपुर न्यायाधीश आवासीय परिसर में नवनिर्मित 12 न्यायिक पदाधिकारियों के आवास (पीओ क्वार्टर) का उद्घाटन गुरुवार को पटना हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर सिंह, न्यायमूर्ति मोहित कुमार शाह तथा समस्तीपुर के निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश कुमार वर्मा ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर न्यायाधीशों ने कहा कि न्यायिक अवसंरचना का लगातार विकास और न्यायिक अधिकारियों को आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नए आवासीय परिसर से न्यायिक पदाधिकारियों को बेहतर कार्य और रहने का वातावरण मिलेगा, जिससे न्यायिक कार्यों के निष्पादन में और अधिक दक्षता आएगी।न्यायाधीशता परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश समीर कुमार, प्रधान न्यायाधीश (परिवार न्यायालय) रमाकांत समेत अन्य न्यायिक पदाधिकारी, न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने वर्चुअल उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा। नवनिर्मित 12 आवासों के शुरू होने से समस्तीपुर न्यायाधीशता की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी। साथ ही न्यायिक अधिकारियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिलने से न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन को भी गति मिलेगी।


