मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार, समस्तीपुर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा

समस्तीपुर : समस्तीपुर में मुख्यमंत्री के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और धमकी भरा वीडियो वायरल करने के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसनपुर थाना क्षेत्र के मौजी गांव निवासी हीरालाल यादव उर्फ हीरालाल कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक असम में रहता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। आरोपी ने सोशल मीडिया पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी भरा वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होते ही इसकी जानकारी अधिकारियों तक पहुंची, जिसके बाद हसनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया।

इस बीच आरोपी ने एक और वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी। वीडियो में वह अपने बयान पर खेद जताता नजर आया। पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 की रात मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। इस मामले में हसनपुर थाना कांड संख्या-166/26 दर्ज किया गया था।

प्राथमिकी में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 351, 352, 353(2) व आईटी एक्ट की धारा 66 और 67 के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को बीती रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




