जनता दरबार में DM रोशन कुशवाहा ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
समस्तीपुर : कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। डीएम ने सभी परिवादों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में मुख्य रूप से राजस्व, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, पेंशन, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। डीएम ने प्राप्त आवेदनों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी मामलों का निष्पक्ष एवं गंभीरतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई की जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत दिलाने का निर्देश दिया। जनता दरबार में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कई मामलों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

