समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विशनपुर मुसहरी टोल में रविवार को उस समय चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब एक साधारण सी झोपड़ी में लगी आग ने पलभर में खुशियों का संसार उजाड़ दिया। इस दर्दनाक अग्निकांड में पांच वर्षीय मासूम श्याम की झुलसकर मौत हो गई, जबकि उसका जुड़वां भाई किस्मत के सहारे मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है। बताया जाता है कि जब आग लगी, उस समय अशोक सदा के दोनों जुड़वां बेटे घर के अंदर मासूम नींद में सो रहे थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह नींद श्याम के लिए हमेशा की नींद बन जाएगी।
अचानक उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक आग ने श्याम को अपनी चपेट में ले लिया। उसे बचाने की हर कोशिश नाकाम रही और वह आग की लपटों में हमेशा के लिए बुझ गया। वहीं उसका भाई किसी तरह बाहर निकाल लिया गया, जो अब भी डरा-सहमा अपने भाई को खोजती निगाहों से सबको देख रहा है।
प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस अग्निकांड में एक बकरी भी जिंदा जल गई, जबकि घर में रखे कपड़े, बर्तन, नगद पैसे, अनाज और साइकिल समेत जीवन भर की छोटी-छोटी पूंजी राख में बदल गई। आग इतनी भयावह थी कि अशोक सदा, मनोज सदा, मोहन सदा, शिवचंद्र सदा, विकास सदा, सुधीर सदा, महेंद्र सदा, बैजनाथ सदा, प्रकाश सदा और राजेंद्र सदा सहित कई परिवारों के आशियाने पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तीन दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत कुछ जल चुका था। सूचना पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह भी सदल-बल पहुंचे। पुलिस ने आग बूझने पर मासूम के शव को कब्जे में ले प्लास्टिक में पैक कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रही है। एफएसएल की टीम ने भी पहुंच नमूने एकत्रित किये। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। वहीं पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की सूनी गोद और पिता की बुझी आंखें इस बात की गवाही दे रही हैं कि आग ने सिर्फ एक घर नहीं जलाया, बल्कि एक परिवार की दुनिया ही उजाड़ दी।
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के परोरिया गांव में शनिवार की देर…
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कैबिनेट बैठक बुलाई है. इसे लेकर कई…
समस्तीपुर : जिले में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब…
पटना में गुजरात के कारोबारी के स्टाफ से 17 किलो सोने की लूट हुई है।…
समस्तीपुर समेत पूरे बिहार के सभी 38 जिलों में कार्यरत यूनिसेफ (यूनाइटेड नेशंस इंटरनेशनल चिल्ड्रेंस…
बिहार के मोतिहारी जिले के चर्चित तुरकौलिया शराब कांड में मरने वालों की संख्या बढ़ती…