Samastipur

अपराधियों का सेफ जोन बना ताजपुर-चकलालशाही फोरलेन, पुलिस ने हरपुर भिंडी के पास पिकेट खोलने का लिया निर्णय

समस्तीपुर : ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन पर लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराध पर नियंत्रण के उद्देश्य से यहां पुलिस पिकेट खोले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसको लेकर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने अपनी सहमति दे दी है और अधिकारियों को उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। बता दें कि फोरलेन किनारे हरपुर भिंडी और आसपास के इलाके में पिछले कुछ समय से अपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। खासकर फोरलेन सड़क बनने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है, लेकिन दूर-दूर तक जगह सुनसान है। जिसका फायदा उठाकर बदमाश दिनदहाड़े भी छिनतई और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार दिनदहाड़े बाइक छिनतई की दर्जनों घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। करीब दो महीने पूर्व हरपुर भिंडी में ही दर्जिनिया पुल के पास जमीन खरीद-फरोख्त को लेकर हुए विवाद में गणेश सहनी की गोली मारकर हत्या की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दिया था। वहीं पांच दिन पहले गुरुवार की रात हरपुर भिंडी में ही लोको पायलट प्रमोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसकी जानकारी लोगों को शुक्रवार की सुबह हुई। कहीं ना कहीं लोको पायलट हत्याकांड को भी फोरलेन किनारे हो रहे जमीन खरीद-फरोख्त से ही जोड़कर पुलिस जांच कर रही है।

बताया गया है कि फोरलेन किनारे जमीन की कीमत बढ़ने के कारण विवाद की स्थिति बन रही है और इसी को लेकर अपराधी तत्व सक्रिय हो गए हैं। जमीन के कारोबार में वर्चस्व को लेकर हथियारों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार पुलिस प्रशासन से इस क्षेत्र में स्थायी पुलिस व्यवस्था करने की मांग की थी। लोगों का कहना है कि अगर यहां पुलिस पिकेट स्थापित हो जाता है तो क्राइम पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा और राहगीरों को भी सुरक्षा का एहसास होगा। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस पिकेट स्थापित होने के बाद यहां नियमित पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती भी बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

फोरलेन पर आपराधिक वारदात बढ़ी, अंकुश नहीं लगा पा रही पुलिस :

ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन का अब तक विधिवत उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन लोगों का अवागमन इस मार्ग पर शुरू है। इस सुनसान रोड पर आपराधिक वारदातें बढ़ गई हैं। बावजूद इसके पुलिसिया गश्ती सही तरीके से नहीं हो रही है और ना ही लोगों को इस मार्ग से गुजरने से रोका जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में इस सड़क पर लूटपाट की दर्जनों घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें मुख्य रूप से बाइक लूट की घटना शामिल है। वहीं सीएसपी संचालक से भी नकदी लूटने का मामला सामने आ चुका है, वहीं पिछले वर्ष अगस्त महीने में रामापुर महेशपुर पंचायत के राजखंड गांव स्थित एक जनेर के खेत में एक युवक का अधजला शव भी बरामद किया गया था। फोरलेन किनारे लगातार हो रही अपराधिक वारदातों के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है। पुलिस पिकेट खुलने और पुलिसिया गश्ती बढ़ाये जाने पर अपराधिक वारदातों पर काफी हद तक लगाम लग सकता है।

स्टंटबाजी के कारण सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा :

इस फोरलेन पर तेज रफ्तार के कारण दर्जनों बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। स्थानीय युवा स्टंटबाजी रील्स बनाने के लिये यहां जुटते हैं। उच्चकों व बदमाशों का गैंग भी युवाओं की टोलियों के साथ रील्स बनाने के बहाने सड़क पर इकट्ठा होते हैं। मौका मिलते ही वे वारदात को अंजाम देकर अलग-अलग कट लाइनों से फरार हो जाते हैं। लोगों ने कहा की अगर यहां पुलिसिया गश्ती नियमित तरीके से हो तो इन सभी घटना पर लगाम लग सकेगी। इधर एसपी के निर्देश पर फोरलेन किनारे पिकेट निर्माण को लेकर जगह और जमीन चिन्हित की जा रही है।

बयान :

ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन पर बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस पिकेट खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिये जगह चिन्हित किया जा रहा है। पिकेट स्थापित होने के बाद नियमित पुलिस बल की तैनाती और गश्ती बढ़ाई जाएगी, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और लोगों को सुरक्षा का माहौल मिल सके।

अरविंद प्रताप सिंह, एसपी, समस्तीपुर

Avinash Roy

Recent Posts

भाजपा का मुख्यमंत्री, जदयू से निशांत समेत दो डिप्टी; सांसद ने बताया नई सरकार का फार्मूला

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद नई सरकार के गठन…

54 मिनट ago

मुख्यमंत्री आवास से सामानों की शिफ्टिंग शुरू, सीएम से इस्तीफे के बाद नीतीश का ठिकाना कहां होगा?

नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ…

3 घंटे ago

बिहार: दारोगा के टूटे पैर को प्लास्टर के बदले कार्टन से बांधा; इस सदर अस्पताल में जुगाड़ वाले इलाज पर बिफरे DM

बिहार के शिवहर स्वास्थ्य विभाग की एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। सरकारी अस्पताल में…

6 घंटे ago

समस्तीपुर : ऑनलाइन विन्जो गेम के नाम पर साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को वापस मिले 1.78 लाख रुपये, 7.30 लाख की हुई थी ठगी

समस्तीपुर : ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर साइबर ठगी के एक मामले में साइबर पुलिस…

9 घंटे ago

शाहपुर पटोरी में सात एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की अनुशंसा, रामनाथ ठाकुर ने अश्वनी वैष्णव को लिखा पत्र

समस्तीपुर/पटोरी : केंद्रीय कृषि सह किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने शाहपुर पटोरी रेलवे…

10 घंटे ago

बिहार: सरकारी टीचर को छात्रा के साथ पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ा, फिर भीड़ ने कानून हाथ में लेकर दे दिया दंड, जानें

कहते हैं कि बदलते वक्त के साथ समाज के हर क्षेत्र में गिरावट दर्ज की…

11 घंटे ago