ओवरब्रिज पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, तेज धमाके की आवाज पर जुटे लोग
समस्तीपुर : शहर के बीचों-बीच स्थित ओवरब्रिज पर बुधवार की देर रात दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। घटना नगर थाना व मुफस्सिल थाना के सामनें ही ओवरब्रिज पर हुई। टक्कर के दौरान तेज आवाज सुनाई देने पर तुरंत ही नगर व मुफस्सिल थाने की पुलिस थाने से निकलकर मौके पर पहुंची। इस हादसे में किसी भी जानमाल की क्षति नहीं हुई, हालांकि दोनों ट्रक चालकों व खलासी को हल्की चोटें आई हैं।
घटना के ठीक बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, घटना को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजित कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।


