समस्तीपुर की शिक्षिका प्रतीक्षा शुक्ला ने राज्य स्तर TLM मेला 3.0 में लहराया परचम, टाॅप-10 में बनायी जगह

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले ने एक बार फिर शैक्षिक नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण सामग्री (TLM) के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य स्तर पर आयोजित TLM मेला 3.0 (पर्यावरण थीम) में समस्तीपुर जिले की शिक्षिका प्रतीक्षा शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 विजेताओं में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
प्रतीक्षा शुक्ला, जो प्राथमिक विद्यालय खोरिया, प्रखंड विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर में कार्यरत हैं, उनके द्वारा तैयार की गई नवाचारी TLM को राज्य स्तर पर काफी सराहना मिली। इस उपलब्धि के लिए उन्हें SCERT शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। यह सम्मान निदेशक सामान्य प्रशासन सुषमा जी, सपना जी तथा विभा कुमारी द्वारा प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा) जमालुद्दीन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह समस्तीपुर जिले के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रतीक्षा शुक्ला ने न केवल TLM निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, बल्कि अपने नवाचार से पूरे बिहार का नाम भी रोशन किया है। ऐसे समर्पित शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणा के स्रोत होते हैं और अन्य विद्यालयों के लिए भी आदर्श प्रस्तुत करते हैं।
शिक्षिका प्रतीक्षा शुक्ला ने अपनी सफलता के पीछे के उद्देश्य को साझा करते हुए कहा कि TLM बनाना केवल प्रतियोगिता जीतने के लिए नहीं होता, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि बच्चों के सीखने को सरल, रोचक और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच शिक्षकों को अपने नवाचार को बिहार ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों तक प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि हर शिक्षक को कक्षा-कक्ष में बच्चों के निपुण लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षण सामग्री का उपयोग करना चाहिए, ताकि पढ़ाई बच्चों के लिए बोझ नहीं बल्कि आनंददायक अनुभव बन सके। समस्तीपुर जिले की इस उपलब्धि से शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है और जिले के शिक्षकों में नवाचार तथा रचनात्मक शिक्षण सामग्री तैयार करने के लिए नई प्रेरणा भी मिली है।





